गाजियाबाद। जिले का मास्टर प्लान 2031 तैयार हो रहा है। इसमें जनप्रतिनिधियों सहित अन्य संगठनों द्वारा दिए गए सुझावों में से महत्वपूर्ण को एजेंसी शामिल करने में जुटी है। ताकि इस मास्टर प्लान को पूरी तरह तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाए। इस मास्टर प्लान में जियोग्राफिक इंफारमेशन सिस्टम (जीआईएस) बेस्ड केंद्रीयकृत महायोजना-2031 (मास्टर प्लान) को तैयार करने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। केंद्र सरकार की एजेंसी डीडीएफ कंसलटेंट गाजियाबाद, मोदीनगर और लोनी का मास्टर प्लान तैयार कर रही है। मास्टर प्लान में शहर के विकास और आगामी 10 वर्ष की योजनाओं को लेकर विभिन्न संगठनों से सुझाव मांगे गए थे। पिछले दिनों सरकारी विभाग, जनप्रतिनिधियों, बिल्डर, व्यवसायिक व औद्योगिक संगठनों से सुझाव मांगे गए थे। इन्होंने अपने सुझाव भी दिए। अब इन सुझावों को मास्टर प्लान में शामिल किया जाने पर कार्य चल रहा है ताकि इसमें से जरूरी सुझावों को शामिल कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके। बता दें कि मास्टर प्लान के लिए गाजियाबाद, लोनी, मोदीनगर, मुरादनगर का सर्वे कराया जा चुका है। यह मास्टर प्लान 25 लेयर में बनाया जाएगा। इसमें प्रत्येक घर को एक यूनिक आईडी भी देने की योजना है। जीडीए के सचिव संतोष कुमार राय बताते हैं कि मास्टर प्लान तैयार करने का कार्य तेजी से चल रहा है। पिछले दिनों आए सुझावों पर कार्य किया जा रहा है। ताकि मास्टर प्लान से शहर का योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जा सके।
















