IAS – अरुणवीर सिंह का बढ़ा कार्यकाल

उत्तर प्रदेश शासन ने सालभर का एक्सटेंशन दिया

ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह का कार्यकाल बढ़ गया है। उनके कार्यकाल में एक साल की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नियाल) के सीईओ पद की जिम्मेदारी भी बरकरार रखी है। जानकारी के अनुसार डॉ. अरुणवीर सिंह का कार्यकाल 14 जुलाई को समाप्त हो रहा था। इस बीच यीडा सिटी में जेवर एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, राया हेरिटेज सिटी, मेट्रो, पॉड टैक्सी जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम तेजी से होना है। बताया जा रहा है कि इन प्रोजेक्ट्स के कारण सीईओ डॉ. सिंह का कार्यकाल बढ़ाया गया है। सीईओ के तौर पर डॉ. सिंह ने यमुना प्राधिकरण में अब तक अह्म जिम्मेदारी का निर्वहन किया है। उनके अब तक कार्यकाल में कई अह्म प्रोजेक्ट्स को शासन ने मंजूरी दी है। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फिल्म सिटी इसमें प्रमुख हैं। जेवर एयरपोर्ट को धरातल पर उतराने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। सीईओ डॉ. सिंह निरंतर इस प्रोजेक्ट की निगरानी कर रहे हैं। जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद ग्रेटर नोएडा एक बार फिर विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान साबित कर सकेगा। इसके अलावा मुंबई की तर्ज पर फिल्म सिटी का विकास होना है। जेवर एयरपोर्ट से फिल्म सिटी के बीच ड्राइवरलैस पॉड टैक्सी के संचालन पर भी काम चल रहा है। फिलहाल लंदन सहित कुछ चुनिंदा देशों में पॉड टैक्सी का संचालन हो रहा है। भविष्य में ग्रेटर नोएडा देश का पहला शहर होगा, जहां पॉड टैक्सी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इन सभी प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन में यीडा सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह को अह्म भूमिका निभानी है। इसके चलते शासन ने उनके कार्यकाल को बढ़ाने का निर्णय लिया है।