फिल्मी सिटी और डाटा सेंटर को मिलेगी निर्बाध बिजली

220 केवी का विद्युत सब स्टेशन होगा स्थापित

ग्रेटर नोएडा। प्रस्तावित विश्व स्तरीय फिल्म सिटी और डाटा सेंटर के लिए पर्याप्त विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए 220 केवी सब स्टेशन की स्थापना की जाएगी। सब स्टेशन के जरिए सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति हो सकेगी। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में फिल्म सिटी और डाटा सेंटर की स्थापना होनी है। फिल्म सिटी प्रोजेक्ट योगी सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसके मद्देनजर यमुना प्राधिकरण गंभीरता से काम कर रहा है। फिल्म सिटी को विश्व स्तर पर पहचान मिलेगी।

यमुना प्राधिकरण की आगामी 14 सितंबर को बोर्ड बैठक आयोजित होनी है। इस बैठक में 220 केवी सब स्टेशन का प्रस्ताव रखा जाएगा। इस सब स्टेशन से फिल्म सिटी व डाटा सेंटर को बिजली आपूर्ति की जाएगी। डाटा सेंटर के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति पहली जरूरत है। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में फिल्म सिटी विकसित की जाएगी। फिल्म सिटी को एक हजार एकड़ में 3 चरण में विकसित किया जाएगा। इसके लिए इस साल के अंत तक विकासकर्ता कंपनी का चयन कर लिया जाएगा। उप्र शासन से फिल्म सिटी की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी मिल चुकी है। अब निविदा तैयार कराई जा रही है।

उधर, सेक्टर-28 में डाटा सेंटर पार्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए यमुना प्राधिकरण जल्द भूखंड योजना निकालेगा। इन दोनों परियोजना में बिजली की जरूरत को देखकर प्राधिकरण ने अलग से 220 केवी सब स्टेशन बनाने का निर्णय लिया है ताकि विद्युत आपूर्ति में किसी तरह की अड़चन न हो। सब स्टेशन का प्रस्ताव आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। औद्योगिक सेक्टरों की जरूरत को ध्यान में रखकर 220 केवी के एक सब स्टेशन का निर्माण चल रहा है।