फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का 8 महीने में होगा निर्माण, उपलब्ध होंगी सभी सुविधाएं
उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में उद्यमियों की सुविधा के लिए एक नये कॉसेप्ट का प्रस्ताव तैयार किया गया है जिसके तहत उद्यमियों को प्राधिकरण सभी तरह की सुविधाओं से युक्त फैक्ट्री किराये पर उपलब्ध करायेगा। सेक्टर-29 में फ्लैटेड फैक्ट्री बनाने के प्रस्ताव को बोर्ड ने हरी झंडी दे दी। प्राधिकरण की योजना है कि लगभग 38 हजार वर्ग मीटर में तीन मंजिला फैक्ट्री बनाकर उद्यमियों को किराये पर दी जाये। इसमें 5 दर्जन से अधिक औद्योगिक इकाइयां चल सकेंगी। इसका निर्माण कार्य 8 महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
योजना के तहत यमुना प्राधिकरण सेक्टर-29 में 20000 वर्ग मीटर और 18000 वर्ग मीटर के 2 भूखंडों में ये फैक्ट्री बनाएगा। फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स में चारदिवारी, आंतरिक एवं वह सड़कों का निर्माण, जल व्यवस्था एवं वितरण व्यवस्था, जल निकासी की व्यवस्था, बिजली व्यवस्था, सुविधा केंद्र, पार्किंग, कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रदर्शनी सेंटर, बैंक, पोस्ट ऑफिस, पुलिस चौकी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कैंटीन ईटीपी आदि की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा सेक्टर 29 में ही डाइंग फैक्ट्री के लिए भी जल्द नई योजना लाई जाएगी।
इस योजना में 5 भूखंड होंगे। इसके लिए कॉमन ईटीपी बनाया जाएगा जिससे कि फैक्ट्रियों से निकलने वाला वेस्टेड शुद्ध करके उसका फिर से उपयोग के योग्य बनाया जाये। उद्यमियों को सहूलियत मिले इसके लिए सेक्टर 28 में विकसित होने वाले मेडिकल डिवाइस पार्क में एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर मेडिकल डिवाइसेज (ईपीसीएमडी) का दफ्तर बनाया जाएगा। भारत सरकार के इस कार्यालय के यमुना सिटी क्षेत्र में बनने से निर्यात करने वाले उद्यमियों का काफी फायदा होगा।
















