हरियाली को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सख्त, कॉन्ट्रैक्टरों को अल्टीमेटम

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की हरियाली को और बेहतर बनाने के लिए कॉन्ट्रैक्टरों को 4 सप्ताह का अल्टीमेटम दिया गया है। उद्यान से जुड़े कॉन्ट्रैक्टरों के साथ सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक केआर वर्मा ने बैठक कर इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए। इस अवधि के दौरान हरियाली का जायजा लिया जाएगा। यदि कार्य बेहतर मिला तो पूर्व में कॉन्ट्रैक्टरों को मिली रैंकिंग में भी वरिष्ठ अधिकारियों की सहमति से सुधार कराने का आश्वासन दिया और खराब स्थिति मिलने पर उसे ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी दी गई।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं मेरठ मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह के निर्देश पर महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) केआर वर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक कपिल सिंह व प्रबंधक गौरव बघेल ने सोमवार को उद्यान विभाग के कार्यों से जुड़े कॉन्ट्रैक्टरों के साथ बैठक की। उन्होंने कॉन्ट्रैक्टरों को निर्देश दिए कि 2 सप्ताह में ग्रीन बेल्ट, पार्क, रोड साइड ग्रीनरी, सेंट्रल वर्ज की ग्रीनरी आदि को दुरूस्त कर लें। पिछली बार निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर खामियां मिली थीं, यदि उनमें सुधार नहीं हुआ है तो उसे अब तत्काल दुरूस्त कर लें।

उन्होंने इसके लिए 2 सप्ताह का समय दिया है। इसके बाद वे अपनी टीम के साथ खुद निरीक्षण करेंगे। यदि खामियां मिलीं तो कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यदि बेहतर ग्रीनरी मिली तो पूर्व में कॉन्ट्रैक्टरों को दी गई रैकिंग (ए, बी व सी श्रेणी) में सुधार किया जाएगा। पिछली बार के निरीक्षण में जो कॉन्ट्रैक्टर बी व सी श्रेणी में आए थे, यदि उन्होंने बेहतर काम किया है तो वरिष्ठ अधिकारियों की सहमति से उनकी रैंकिंग को और सुधारा जाएगा। उन्होंने कॉन्ट्रैक्टरों के भुगतान से संबंधित समस्या को भी शीघ्र हल कराने का आश्वासन दिया है।