मनमोहक होगा ग्रेटर नोएडा का एलजी चौक

निजी सहभागिता से ग्रेनो प्राधिकरण कराएगा काम

ग्रेटर नोएडा। भविष्य में सूरजपुर तिराहे से ग्रेटर नोएडा में एंट्री करने पर गामा रोटरी तक हरियाली व मेटल की खूबसूरत आकृति नजर आएगी। ग्रेटर नोएडा में 50 से ज्यादा रोटरी हैं। इनका रख-रखाव प्राधिकरण करता है। कुछ गोल चक्कर को विकसित करने हेतु कंपनियां और संस्थाएं आगे आई हैं।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण की मौजूदगी में इन कंपनियों ने ऑनलाइन प्रजेंटेशन भी दिया। एलजी कंपनी ने दुर्गा टॉकीज के पास गोल चक्कर से एलजी चौक तक दोनों तरफ की ग्रीनरी और सेंट्रल वर्ज को और हरा-भरा बनाने के लिए प्रजेंटेशन दिया। कंपनी ईकोटेक टू की रोटरी पर मेटल की आकृति भी लगाई जाएगी। इसी प्रकार रिजर्व पुलिस लाइन से बालक इंटर कॉलेज की तरफ जाने पर पहले रोटरी को टोयोइंक कंपनी ने हरा-भरा करने का प्रस्ताव दिया है। इस पर भी प्राधिकरण से सहमति बन गई है।

कंपनी ने हाथ जोड़कर नमस्ते करते और जापान के प्रसिद्ध होली गेट की तर्ज पर आकृति लगाने की बात भी कही है। उधर, जगदीश चंद्रा एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी सेक्टर-3 की हरित पट्टी को विकसित किया जाएगा। आर्था इंफ्राटेक कंपनी ने टेकजोन फोर के रोटरी को विकसित करने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए भी ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने सहमति प्रदान कर दी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने इन गोल चक्कर को विकसित करने पर मौखिक सहमति दे दी है। कागजी प्रक्रिया पूरी कर इन्हें हस्तांतरित (हैंडओवर) कर दिया जाएगा। वे कंपनियां शीघ्र काम शुरू कर सकेंगी।