सड़कों के किनारे लगाए जा रहे रंग-बिरंगे गमले
नोएडा। मानसून के मौसम में शहर को हरा-भरा रखने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने विशेष मुहिम छेड़ी है। इसके मद्देनजर प्रमुख मार्गों पर रंग-बिरंगे गमले रखवाए जा रहे हैं। इस कदम से हरियाली को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ सौंदर्यीकरण भी हो रहा है। इन मार्गों से गुजरने पर वाहन चालक आनंदित हो जाते हैं। मानसून को ध्यान में रखकर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रीनरी को बढ़ावा देने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। शहर की हरियाली और खूबसूरती बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास चल रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रितु माहेश्वरी के निर्देश पर शहर में मुख्य मार्गों पर गमले लगाए जा रहे हैं। इन गमलों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगे हैं। पीले और हरे रंग में सजे इन गमलों से सड़कों के किनारे सौंदर्यीकरण होने के साथ-साथ हरियाली भी बढ़ रही है। उद्यान विभाग द्वारा करीब 2 हजार गमले लगाए जाएंगे। मानसून का मौसम समाप्त होने से पहले यह कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि एक हजार गमले नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे के किनारे पर रखवाए जाएंगे। इससे वाहनों से फैल रहे प्रदूषण के प्रभाव को भी कम करने में मदद मिलेगी। इसी क्रम में विभिन्न स्थानों पर हरित पट्टी को विकसित किया जा रहा है। हरित पट्टी में नागरिकों के बैठने के लिए बेंच आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है ताकि मार्निंग एवं ईवनिंग वॉक के समय वहां आने पर नागरिक बैठकर आराम कर सकें और हरियाली का लुत्फ उठा सकें। नोएडा प्राधिकरण की सीईओ ने शहर को हरा-भरा बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
















