नोएडा में केरल की नर्स से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

नोएडा। नोएडा में साक्षात्कार देने के लिए आई केरल की नर्स के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद पीड़िता के साथ हैवानियत की गई। होश में आने और घटना की जानकारी होने पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना सेक्टर-24 पुलिस इस प्रकरण की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक केरल की नर्स नौकरी के सिलसिले में नोएडा आई थी। नोएडा सेक्टर-62 स्थित निजी अस्पताल में नर्स को नौकरी हेतु साक्षात्कार देना था। केरल से नोएडा आने के बाद वह युवक राजू के घर में ठहरी थी। राजू से नर्स का पहले से परिचय है। पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात राजू ने युवती को शीतल पेय मे नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने घटना की एफआईआर दर्ज कर पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस ने आरोपी राजू को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पूरे प्रकरण की छानबीन की जा रही है।