यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में फिल्म सिटी विकसित की जाएगी
फिल्म सिटी के निर्माण के बाद उत्तर प्रदेश में फिल्मों, धारावाहिक और वेब सीरीज की शूटिंग होगी
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण ने फिल्म सिटी के भू उपयोग का नक्शा पास कर दिया। फिल्म सिटी की विकासकर्ता कंपनी को अगले एक हफ्ते के भीतर जमीन पर कब्जा दे दिया जाएगा। इसके बाद जरूरी औपचारिकता पूरी करते हुए निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। फिल्म सिटी का शिलान्यास मुख्यमंत्री से कराने की तैयारी है।
यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में 1000 एकड़ में फिल्म सिटी विकसित की जाएगी। इसका निर्माण फिल्म निर्माता बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स रियल एस्टेट कंपनी भूटानी ग्रुप के साथ मिलकर करेगी। इसके लिए यमुना प्राधिकरण के साथ एमओयू हो चुका है। फिल्म सिटी को अगले तीन साल में बनाकर तैयार हो जाएगी। पहले चरण में 230 एकड़ में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस फिल्म सिटी का निर्माण कराया जाएगा। फिल्म सिटी के निर्माण के बाद उत्तर प्रदेश में फिल्मों, धारावाहिक और वेब सीरीज की शूटिंग संभव होगी। इससे स्थानीय कलाकारों को एक मंच मिल सकेगा। कंपनी ने प्रस्तावित फिल्म सिटी का मास्टर प्लान प्राधिकरण में जमा करा दिया था।
काम शुरू कराने की तैयारी
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह ने गुरुवार को फिल्म सिटी के भू उपयोग पर मुहर लगा दी। अब यह तय हो गया है कि फिल्म सिटी में जमीन का उपयोग किस-किस कार्य के लिए होगा। सिंह ने बताया कि अब एक हफ्ते के भीतर कंपनी को जमीन पर कब्जा दे दिया जाएगा। जमीन पर कब्जा मिलते ही कंपनी का काम शुरू कर देगी। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द फिल्म सिटी का निर्माण काम शुरू करा दिया जाए।
सीएम कर सकते हैं शिलान्यास
फिल्म सिटी के शिलान्यास की तैयारी शुरू कर दी गई है। फिल्म सिटी का शिलान्यास समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ के आने की उम्मीद है। इसको लेकर यमुना अथॉरिटी की ओर से प्रस्ताव तैयार कराकर मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजा जाएगा। शिलान्यास की तिथि जल्द तय किए जाने की उम्मीद है।
बोनी कपूर बना चुके हैं योजना
नोएडा फिल्म सिटी को अन्य फिल्म सिटी से बेहतर बनाने की योजना बोनी कपूर पहले ही बता चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह फिल्म सिटी रामोजी फिल्म सिटी हैदराबाद से कई मायनों में आगे रहेगा। उन्होंने कहा कि फिल्म स्टार्स को सबसे अधिक परेशानी खाने को लेकर होती है। अगर वह कहीं शूट करने जाते हैं तो उन्हें अपने साथ शेफ लेकर ट्रैवल करना पड़ता है। यह काफी महंगा होता है। इसलिए, हम यहां शेफ की फैसलिटी को भी डेवलप करेंगे। हम यहां पर बेहतर इक्विपमेंट फैसिलिटी उपलब्ध कराएंगे। हमारे रेट बाहर के इक्विपमेंट से सस्ते होंगे। वह चाहते हैं कि हमारी अगली फिल्म की शूटिंग नोएडा फिल्म सिटी में हो। इसके लिए तेजी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि 30 साल पहले हमने हैदराबाद में 12 फिल्में बैक टू बैक शूट की थी।
















