शहर को स्वच्छ बनाने में स्कूलों की होगी भागीदारी नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने 100 से अधिक शिक्षकों से किया सीधा संवाद, छात्रों के जरिये घर-घर तक फैलेगी जागरूकता

डंपिंग ग्राउंड उपलब्ध नहीं होने के बावजूद नगर निगम द्वारा कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सराहनीय है। स्वच्छ शहरों की सूची में गाजियाबाद की  स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा सभी शहरवासियों को अभियान से जोड़ा जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की योजना है कि सेग्रीगेशन एट सोर्स को पूरी तरह से शहरवासी अमल में लाये। नगर निगम की स्वच्छता मुहिम में स्कूल कॉलेज के माध्यम से छात्रों को जोड़ा जा रहा है। नगर निगम द्वारा स्कूल के शिक्षकों के साथ कार्यशाला आयोजित कर स्कूलों में कूड़ा सेग्रीगेशन की नीति का पालन करने के साथ छात्रों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पढ़ाने और उस पर अमल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद।
 शहर पहले से काफी स्वच्छ हुआ है। कभी गंदगी गाजियाबाद की पहचान बनी हुई थी लेकिन अब गाजियाबाद के कूड़ा प्रबंधन की देश भर में चर्चा होती है। डंपिंग ग्राउंड उपलब्ध नहीं होने के बावजूद नगर निगम द्वारा कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सराहनीय है। स्वच्छ शहरों की सूची में गाजियाबाद की  स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा सभी शहरवासियों को अभियान से जोड़ा जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की योजना है कि सेग्रीगेशन एट सोर्स को पूरी तरह से शहरवासी अमल में लाये। नगर निगम की स्वच्छता मुहिम में स्कूल कॉलेज के माध्यम से छात्रों को जोड़ा जा रहा है। नगर निगम द्वारा स्कूल के शिक्षकों के साथ कार्यशाला आयोजित कर स्कूलों में कूड़ा सेग्रीगेशन की नीति का पालन करने के साथ छात्रों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पढ़ाने और उस पर अमल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। बुधवार को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में बृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वच्छ गाजियाबाद की इस मुहिम में गाजियाबाद नगर निगम को शिक्षा विभाग, चिंतन एनवायरमेंटल रिसर्च और एक्शन ग्रुप का भी सहयोग मिल रहा है।

हिंदी भवन में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शहर के 80 स्कूलों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इन सभी स्कूलों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की शिक्षा विद्यार्थियों को दी जाएगी। संवाद कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों की 110 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया और गीला व सूखा कचरा प्रबंधन को लेकर चर्चा की।

संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि गाजियाबाद के सभी विद्यार्थी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर अध्ययन करेंगे तो इसका लाभ न केवल आज शहर को मिलेगा बल्कि कल भी सुरक्षित होगा। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक बहिष्कार, चार रंग की डस्टबिन का उपयोग, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, होम कंपोस्टिंग को लेकर कार्यशाला आयोजित की जानी चाहिये। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का पाठ सभी छात्रों को पढ़ाया जाना चाहिये। नगर आयुक्त ने कहा कि सभी स्कूलों में स्वच्छता की पाठशाला भी लगाई जाएगी। कार्यक्रम में सेंट थॉमस स्कूल, सन वैली स्कूल, बालभारती स्कूल, होली एंजेल स्कूल, डीएवी स्कूल राजेंद्र नगर, समस्त कंपोजिट स्कूल, कैलावती स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल राजनगर, एमएमएच स्कूल, नगर पालिका बालिका विद्यालय चंद्रपुरी सहित अन्य स्कूलों की शिक्षिकाएं एवं प्रधानाचार्य शामिल हुई।