नागरिकों की सुरक्षा नोएडा सीईओ कृष्णा करुणेश की प्राथमिकता, सेफ सिटीप्रॉजेक्ट पकड़ेगा गति

उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। नोएडा अथॉरिटी ने शहर को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सेफ सिटी प्रोजेक्ट को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश की अध्यक्षता में बोर्ड रूम में हुई बैठक में परियोजना से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के 561 चिन्हित स्थानों पर कुल 1949 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया। ये कैमरे नाइट विजन, फेस डिटेक्शन और वीडियो एनालिटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों से लैस होंगे। इनमें से 100 स्थानों पर नंबर प्लेट डिटेक्शन कैमरे भी लगाए जाएंगे, जिससे संदिग्ध वाहनों की पहचान करने में मदद मिलेगी।

बैठक में बताया गया कि परियोजना के तहत शहर में 147 जगहों पर इमरजेंसी बटन स्थापित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। नागरिकों तक त्वरित सूचना पहुंचाने के लिए 20 स्थानों पर वैरिएबल मैसेज बोर्ड और 418 स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाने की भी योजना बनाई गई है। इन व्यवस्थाओं का उपयोग विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को सतर्क करने और आवश्यक निर्देश देने के लिए किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार सेफ सिटी परियोजना के तहत कैमरे बाजारों, स्कूलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगाए जाएंगे। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 212 करोड़ रुपये तय की गई है और इसे 6 से 9 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी सिस्टम को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जाएगा, जबकि कंट्रोल रूम का संचालन पुलिस विभाग करेगा। गौरतलब है कि इस परियोजना के लिए पहले तीन बार टेंडर जारी किए गए थे, लेकिन किसी कंपनी का चयन नहीं हो सका था। अब चौथी बार टेंडर जारी करने से पहले परियोजना में कुछ संशोधन किए जा रहे हैं। यह योजना यूपी सरकार की ‘सेफ सिटी’ पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को खासतौर पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए अधिक सुरक्षित बनाना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।