ग्रेटर नोएडा। नवादा गांव में वृद्ध महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने पड़ोसी के नौकर के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। मृतका के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के बयान के आधार पर मृतका के एक पड़ोसी को भी गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। नवादा गांव निवासी जयपाली (85) विगत 6 मार्च को अपने घर में थी। महिला का बेटा घर के नजदीक खेत पर काम कर रहा था। इस दौरान महिला की हत्या कर दी गई थी। मृतका के बेटे जय किशन की तहरीर पर पुलिस में पड़ोसी के नौकर रामकिशन उर्फ गुरु के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस में शनिवार को रामकिशन उर्फ गुरु को हापुड़ के पिलखुवा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी जय बहादुर उर्फ सुल्ताना उर्फ रामकिशन उर्फ गुरु निवासी पठकोली थाना सिकरीगंज जनपद गोरखपुर ने बताया कि वह विभिन्न स्थानों पर नौकर रह चुका है। जहां पर उसने अलग-अलग नाम का इस्तेमाल किया। नवादा गांव में भी वह एक व्यक्ति के पास नौकर था। पुलिस को आरोपी ने बताया कि घटना से 3 दिन पहले महिला ने नवादा निवासी चंदी के खेत में कुछ घास फेंक दी थी। इसे लेकर चंदी व मृतका की कहासुनी भी हुई। इसी बात से चंदी चिढ़ गया था। वारदात वाले दिन चंदी ने जय बहादुर उर्फ रामकिशन को शराब पिलाई और बुजुर्ग महिला के घर पहुंचा। महिला ने गाली-गलौज शुरू कर दी। चंदी और जय बहादुर ने बुजुर्ग महिला को बुरी तरह पीटा और बाद में ट्रैक्टर के गुल्ला से चेहरे पर कई वार किए। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद जय बहादुर गांव से भाग गया था, जबकि चंदी अपने घर पहुंच गया। 6 मार्च की रात को आरोपी चंदी कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार चला गया।
















