महिला थाना और 2 पिंक टॉयलेट बनाने की योजना

यमुना विकास प्राधिकरण ने तैयार किया खाका

ग्रेटर नोएडा। यमुना विकास प्राधिकरण द्वारा पिंक टॉयलेट और महिला थाना भवन का निर्माण कराया जाएगा। सेक्टर-18 और 29 में पिंक टॉयलेट की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा महिला थाने के लिए 4 हजार वर्ग मीटर भूमि का चयन किया गया है। महिला दिवस के दिन 8 मार्च को पिंक टॉयलेट का शिलान्यास किया जाएगा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ने लगी है। इसके मद्देनजर प्राधिकरण ने वहां जरूरी सुविधाओं को विकसित करने का काम और तेज कर दिया है। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुण वीर सिंह ने बताया कि 8 मार्च को 2 पिंक टॉयलेट का शिलान्यास किया जाएगा। सेक्टर-18 और 29 में एक-एक पिंक टॉयलेट का निर्माण कराया जाएगा। सेक्टर-29 में अपैरल पार्क है। वहां महिलाओं का आना-जाना अधिक रहेगा। इसे ध्यान में रखकर वहां पिंक टॉयलेट बनाने का फैसला लिया गया है। पिंक टॉयलेट के निर्माण में करीब 18 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा क्षेत्र में एक महिला थाना बनाया जाएगा। इसके लिए 4 हजार वर्ग मीटर जमीन चिन्हित की गई है। इसका प्रस्ताव जल्द शासन और पुलिस-प्रशासन को भेजा जाएगा ताकि महिला थाने का निर्माण किया जा सके। उन्होंने बताया कि इन कार्यों के लिए तैयारी पूरी हो गई है।