ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने बुधवार को भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। यीडा क्षेत्र में विभिन्न कालोनाइजर्स द्वारा विकसित की जा रही कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया गया। ऐसे में 273 करोड़ रुपए से ज्यादा की भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया। यमुना प्राधिकरण ने साफ कहा है कि इन कॉलोनियों में कोई भी व्यक्ति या संस्था भूमि की खरीद-फरोख्त न करे। अन्यथा इसके लिए प्राधिकरण की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में भू-माफिया के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को भी एक्शन लिया गया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह के आदेश पर विभाग की टीम ने विभिन्न कालोनाइजर्स द्वारा अवैध तरीके से विकसित की जा रही कॉलोनियों को खुर्द-बुर्द कर दिया गया। यमुना प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में कई कालोनाइजर्स द्वारा गलत तरीके से कॉलोनियों में प्लॉटिंग कराई जा रही थी। शिकायत मिलने पर विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी है। जनपद अलीगढ़ के खैर तहसील के ग्राम डोरपुरी के अंतर्गत खसरा नंबर-106, 107, 111 व 112, 48ब, 7, 88, 89, 206, 207, 208, 209 पर कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार ग्राम खंडेहा में खसरा नंबर-1135, 1136, ग्राम सिमरौठी में खसरा नंबर-382, 414, 417 में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। ओएसडी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम डोरपुरी में 17.8150 हेक्टेयर, खंडेहा में 3.8327 हेक्टेयर व सिरौठी में 5.7179 हेक्टेयर भूमि थी। कुल 273656 वर्ग मीटर भूमि पर प्राधिकरण की बिना अनुमति के अवैध निर्माण कर लिया गया था। 273 करोड़ 65 लाख 60 हजार रुपए कीमत की यह भूमि है। यमुना प्राधिकरण ने सभी नागरिकों एवं संस्थाओं से अपील की है कि वह इन कॉलोनियों में किसी प्रकार की भूमि की खरीद-फरोख्त न करें।
अन्यथा प्राधिकरण की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भू-माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दे रखे हैं। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्टस पर काम चल रहा है। ऐसे में इस क्षेत्र में जमीन की कीमतें भी आसमान छूने लगी हैं। इसी को देखकर भू-माफिया सक्रिय हो गए हैं। जिन्हें सबक सिखाने के लिए प्राधिकरण लगाातार अभियान चला रहा है।
















