बिहार में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की मांग

समाज कल्याण मंत्री से ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि की मुलाकात

पटना। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र ने सोमवार को बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी से मुलाकात की। इस दौरान विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की गई। समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी के पटना स्थित आवास पर तरूण मिश्र ने मुलाकात की। इस दौरान ब्राह्मण समाज के विकास के लिए ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की जरूरत पर जोर दिया गया। तरूण मिश्र ने कहा कि ब्राह्मण समाज आध्यात्मिक रूप से मजबूत है, मगर आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है।

सवर्णों में गिने जाने के कारण गरीब और लाचार ब्राह्मण परिवारों को सरकारी मदद नहीं मिलती है। तरूण मिश्र ने ब्राह्मण समाज की वर्तमान स्थिति और ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन को लेकर गंभीरता के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा केंद्रीय एवं प्रदेश स्तर पर ब्राहण कल्याण बोर्ड के गठन के लिए मुहिम चला रहा है। बिहार सरकार को गरीब और आर्थिक रूप से पिछड़े ब्राह्मणों के लिए नीति बनाकर ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन करना चाहिये। ब्राह्मणों की आर्थिक स्थिति दिन-ब-दिन दयनीय होती जा रही है।

जीविका पर भी बहुत बुरा असर पड़ा हैं, लेकिन सवर्ण होने के नाते उन्हें सरकार से कोई आर्थिक मदद नहीं मिल रही है। ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना आवश्यक है। देश के कुछ राज्यों में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन हुआ है। बिहार सरकार को भी इस दिशा में जल्द कदम उठाना चाहिये। ब्राह्मण सदा ही सबका भला करने में आगे रहा है। लेकिन आज उसकी दशा दयनीय है। समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने इन बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर उचित कदम उठाने का भरोसा लिया।