– मौलाना आजाद एजुकेशन फाउंडेशन की गवर्निंग बॉडी और जनरल बॉडी मीटिंग में हुनर हाटों की तैयारी पर चर्चा
नई दिल्ली/गाजियाबाद। हमारे देश में हर घर में हुनर है। उसकी ब्रांडिग और उसे बड़े स्तर पर मौका-मार्केट उपलब्ध कराने की जरुरत है और इस दिशा में हुनर हाट महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय हुनर हाट के माध्यम से उनके हुनर को मौका दे रहा है। यह बातें रविवार को केन्द्रीय अल्पसंख्यक कार्य मन्त्री व फांउडेशन के अध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को मौलाना आजाद एजुकेशन फाउंडेशन की गवर्निंग बॉडी और जनरल बॉडी मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए कहीं। उन्होंने कहा हुनर हाट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी-स्वावलंबन और वोकल फार लोकल के अभियान को मजबूती दे रहा है। इसके साथ ही स्वदेशी दस्तकारों, शिल्पकारों को रोजगार देने और उनके शानदार हस्तनिर्मित उत्पादों को बाजार मुहैया कराने का एक प्रामाणिक प्लेटफार्म साबित हुआ है। मेक इन इंडिया, स्टैंड अप इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया के संकल्प को साकार करने का प्रामाणिक एवं विश्वसनीय ब्रांड बन गया है।
बैठक में देश भर में चल रहे दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों के स्वदेशी उत्पादनों के हुनरहाट की समीक्षा की गई। अगामी दिनों में प्रस्तावित हुनर हाटों की तैयारी पर चर्चा हुई। आने वाले दिनों में 29 अक्टूबर से 7 नवंबर तक देहरादून, 10 नवम्बर से ब्रज रज उत्सव, वृन्दावन; 12-21 नवंबर लखनऊ, 14-27 नवंबर प्रगति मैदान नई दिल्ली, 26 नवम्बर से 5 दिसंबर हैदराबाद, 10-19 दिसंबर सूरत, 22 दिसंबर से 2 जनवरी 2022 नई दिल्ली आदि स्थानों पर हुनरहाट आयोजित होंगें। इसके अलावा हुनरहाट का आयोजन मैसुरु, गुवाहाटी, पुणे, अहमदाबाद, भोपाल, पटना, पुडुचेरी, मुंबई, जम्मू, चेन्नई, चंडीगढ़, आगरा, प्रयागराज, गोवा, जयपुर, बेंगलुरु, कोटा, सिक्किम, श्रीनगर, लेह, शिलांग, रांची, अगरतला एवं अन्य स्थानों भी पर होगा। बैठक में सचिव पीके ठाकुर, मधुकर नायक, उपाध्यक्ष सरदार एसपी सिंह, कोषाध्यक्ष शाकिर अंसारी, तारिक मंसूर (वीसी-एएमयू), अशरफ अली, सलीम खान, अली रजा, मो0 शादान खान, अब्दुल करीम, मुन्नवरी बेगम व विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।















