महाकुंभ 2025: यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने चलाईं 5 अनारक्षित ट्रेनें

उदय भूमि
नई दिल्ली। महाकुंभ 2025 के चलते प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या में जबरदस्त इजाफा देखा जा रहा है। भारतीय रेलवे ने इस बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली से प्रयाग के लिए विशेष अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया है। यात्रियों की संख्या की निगरानी के लिए रेलवे द्वारा टिकट बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि हर स्टेशन पर भीड़ की लगातार निगरानी की जाए और जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त ट्रेनों का प्रबंध किया जाए।

शनिवार की शाम नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की संख्या औसत से अधिक दर्ज की गई, जिससे रेलवे को तत्काल 5 अनारक्षित ट्रेनों का संचालन करना पड़ा। रेलवे बोर्ड के वॉर रूम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे थे, जबकि रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ट्रेनों के संचालन की मॉनिटरिंग में लगे रहे। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा भी नई दिल्ली स्टेशन पर मिनी कंट्रोल रूम से स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।

घंटेवार टिकट बिक्री और ट्रेन संचालन का विवरण
• 18-19 बजे: 2375 टिकटों की बिक्री, ट्रेन संख्या 0470 (रवानगी: 19 बजे)

• 19-20 बजे: 2950 टिकटों की बिक्री, ट्रेन संख्या 04074 (रवानगी: 20 बजे)

• 20-2100 बजे: 3429 टिकटों की बिक्री, ट्रेन संख्या 04080 (रवानगी: 20.58 बजे)

• 21-22 बजे: 2662 टिकटों की बिक्री, ट्रेन संख्या 04082 (रवानगी: 21.58 बजे)

• 22-23 बजे: 1689 टिकटों की बिक्री, ट्रेन संख्या 04084 (रवानगी: 23.15 बजे)

महाकुंभ के लिए विशेष तैयारी
महाकुंभ 2025 के मद्देनजर भारतीय रेलवे यात्रियों को अधिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रयागराज जाने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा हेतु विशेष ट्रेन सेवाओं में वृद्धि की गई है। रेलवे प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुगम यात्रा प्रदान करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

यात्रियों को सलाह: भारतीय रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए समय पर रेलवे स्टेशनों पर पहुंचें। महाकुंभ के लिए रेलवे द्वारा की जा रही इन विशेष व्यवस्थाओं से श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी और उनकी धार्मिक यात्रा सुखद व सुरक्षित बनी रहेगी।