नई दिल्ली। दिल्ली के जहांगीरपुरी में सोमवार को फिर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। हिंसा की जांच करने पहुंची पुलिस टीम से कुछ महिलाएं भिड़ गईं। छतों से पथराव कर दिया गया। इसके बाद मौके पर भारी संख्या में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) को तैनात करना पड़ा है। उधर, जहांगीरपुरी हिंसा में पुलिस ने अब तक 23 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। 8 आरोपियों का अपराधिक रिकॉर्ड भी मिला है हिंसा की जांच के लिए 14 टीमें गठित की गई हैं। जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस की टीम सोमवार को जहांगीरपुरी में जांच करने पहुंची थी।
एक महिला से पूछताछ के दौरान हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि कुछ महिलाओं ने पुलिस टीम के सामने उपद्रव मचाना शुरू कर दिया। मुस्लिम महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है। इस दौरान घरों के ऊपर से पुलिस पर पथराव कर दिया गया। उधर, दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने बताया कि जहांगीरपुरी हिंसा में अब तक 23 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस आयुक्त का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल मीडिया का विश्लेषण पूरा हो गया है। एफएसएल की टीम भी मौके पर भेजी गई है।
वहीं, जहांगीरपुरी में एक बार फिर आरएएफ की टीमें तैनात करनी पड़ी हैं। बता दें कि हनुमान जन्मोत्सव शोभा यात्रा पर पथराव किए जाने के बाद से जहांगीरपुरी में तनावपूर्ण माहौल है। जहांगीरपुरी सी ब्लॉक में यह मामला सामने आया था। हिंसा के बाद से गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस एक्शन में है। वहीं, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने दिल्ली हिंसा पर तीखा बयान दिया था। ठाकरे ने कहा था कि मुझे लगता है कि इस तरह की बातों का भी इसी तरह से जवाब दिया जाना चाहिए, नहीं तो वो लोग नहीं समझेंगे।
















