नगर विकास मंत्री ने गाजियाबाद नगर निगम के सफाई अभियान की तारीफ की

ट्विटर पर शेयर किया वीडियो, पीएम को भी किया टैग

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। गाजियाबाद शहर में जारी स्वच्छता अभियान की प्रशंसा अब लखनऊ तक में होने लगी है। योगी सरकार के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने रविवार को नगर निगम के स्वच्छता अभियान की ना सिर्फ सराहना की बल्कि ट्विटर पर सफाई कार्य का वीडियो अपलोड भी किया। नगर विकास मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, पीएमओ कार्यालय, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को इस वीडियो का लिंक शेयर किया है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि नगर निगम का एक कर्मचारी जेट प्रेशर मशीन के जरिए फ्लाईओवर के ऊपर पानी का छिड़काव कर रहा है। इसके अलावा वाहन के जरिए सड़क किनारे पानी का छिड़काव हो रहा है। तेज धूप एवं गर्मी के बावजूद विभागीय कर्मचारी अपने काम में गंभीरता से जुटे नजर आते हैं। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने ट्विटर पर वीडियो शेयर करने के साथ लिखा है कि गाजियाबाद नगर निगम के मित्रों ने भी सफाई अभियान में आज कुछ विशेष पहल की।

नगर विकास मंत्री से प्रशंसा मिलने से नगर निगम के अधिकारी भी काफी गदगद हैं। दरअसल स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के मद्देनजर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखने के लिए कमान खुद संभाल रखी है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, मुख्य सड़कों की साफ-सफाई, कूड़ा लिफ्टिंग तथा पानी का छिड़काव कर धूल कणों को उड़ने से रोकने के लिए नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है। नगरायुक्त तंवर खुद फील्ड में जाकर सफाई कार्य का जायजा ले रहे हैं। कहीं कोई कमी सामने आने पर वह आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।