सरकारी कर्मचारियों को की बल्ले बल्ले, UP में रिटायरमेंट के 3 दिन के भीतर होगा सभी देयों का भुगतान

सीएम योगी ने श्रम दिवस पर ई-पेंशन पोर्टल का शुभारंभ किया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के लिए अहम खबर है। रिटायरमेंट के बाद अब उन्हें पेंशन एवं बाकी देयों के भुगतान के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। रिटायरमेंट के उपरांत महज 3 दिन के भीतर उन्हें सभी देयों का भुगतान हो जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पेंशनर्स को यह तोहफा दिया है। उन्होंने ई-पेंशन पोर्टल का लोकार्पण किया। इस पोर्टल से साढ़े 11 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। ई-पेंशन पोर्टल लॉन्च होने से सरकारी दफ्तरों में बाबुओं की मनमानी पर भी रोक लग सकेगी।

वह रिटायरर्ड कार्मिकों को बेवजह परेशान नहीं कर पाएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन में श्रम दिवस के मौके पर पेंशन एवं पेंशनर से संबंधित सेवाओं के प्रबंधन के लिए ई-पेंशन पोर्टल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इस प्रकार की सुविधा देने वाला देश का पहला राज्य है। सीएम योगी ने 1220 पेंशनरों के खाते में पेंशन भी भेजी है। यह पेंशनर्स गत 31 मार्च 2022 को रिटायर हो गए थे। नियमानुसार सरकारी कर्मचारी को रिटायरमेंट से 6 माह पहले ई-पेंशन पोर्टल पर एप्लाई करना होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह भी कहा कि सरकार ने राज्य के कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाया है। तकनीक के उपयोग से व्यापक बदलाव आया है। पेंशन धारकों की समस्या को दूर कर दिया गया है। उन्हें भविष्य में परेशान नहीं होना पड़ेगा। पेपर लेस और कैश लेस प्रक्रिया रहेगी। सीएम योगी ने कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों ने राज्य के विकास में अपना योगदान दिया है। उन्हें मिलने वाली पेंशन उनके द्वारा राज्य के विकास और कल्याण के लिए किए गए कार्य का प्रतिफल है। इसलिए वह पेंशन भोगी नहीं पेंशन योगी हैं।