परीक्षा में कुल 720 में से 653 अंक हासिल
उदयभूमि
गाजियाबाद। नगर निगम में अकाउंट विभाग में वरिष्ठ अधिकारी जेपी सिंह की बेटी प्रज्ञा सिंह ने नीट-2020 की परीक्षा में उम्दा प्रदर्शन किया है। प्रज्ञा ने इस महत्वपूर्ण परीक्षा में कुल 720 में से 653 अंक हासिल किए हैं। प्रज्ञा की ऑल इंडिया रैंक 3261 और कैटेगरी रैंक 1865 है। इस कामयाबी के बाद प्रज्ञा बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा है कि हिम्मत, हौसला और मेहनत की बदौलत सफलता जरूर मिलती है। नीट परीक्षा क्लीयर होने से उत्साहित प्रज्ञा ने कहा कि यदि कभी आप असफल होते हैं तो खुद को कमजोर नहीं समझना चाहिए और मन में यह नकारात्मक भाव नहीं आने देना चाहिए। यदि आप असफल होते हैं तो आपको यह मानकर और अधिक मेहनत करनी चाहिए कि प्रयासों में कुछ कमी रह गई है। 
प्रज्ञा ने कहा कि मन में निराशा का भाव आने से कामयाबी दूर होने लगती है। मेहनत और लगन के जरिए अपनी मंजिल की तरफ पूरे आत्मविश्वास के साथ बढ़ते रहने से सफलता जरूर मिलती है। आमतौर पर किसी परीक्षा में असफल होने पर प्रतिभागी निराश होकर सफलता की उम्मीद छोड़ देते हैं। जबकि ऐसा नहीं करना चाहिए। प्रज्ञा सिंह के पिता जेपी सिंह भी बेटी की कामयाबी से बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों पर कभी दबाव नहीं डालना चाहिए। उन्हें रास्ता जरूर दिखाना चाहिए, मगर दबाव डालना गलत है। जेपी सिंह बताते हैं कि उन्होंने प्रज्ञा पर कभी दबाव नहीं बनाया कि वह डॉक्टर बने या मेडिकल नीट की तैयारी करें। बेटी ने स्वयं कहा कि वह मेडिकल क्षेत्र में जाना चाहती है और पिछली बार कम तैयारी होने के बावजूद वह परीक्षा में बैठी। इस कारण सही रैंक नहीं मिल पाई। इसके बाद उसने सेल्फ स्टडी पर खुद को फोकस्ड किया और अंतत: सफलता अर्जित की। होनहार प्रज्ञा सिंह ने 12वीं की पढ़ाई नेहरू नगर होली चाइल्ड स्कूल से की है। प्रज्ञा की प्रारंभिक शिक्षा जौनपुर से हुई। जबकि दसवीं की परीक्षा प्रयागराज से पास की। प्रज्ञा की सफलता पर नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी खुशी जाहिर की और जेपी सिंह को बधाई दी।
















