कोरोना संक्रमण और वायु प्रदूषण रोक के लिए प्रशासन ने कसी कमर
गाजियाबाद। कोरोना का संक्रमण जिस तरह से बढ़ता जा रहा है उसको लेकर अभी एक-दो महीनों तक ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है। कोविड-19 की गाइडलाइन के हिसाब से जो भी सावधानी बताई गई है उसका पालन करना भी बहुत जरूरी है। सोमवार को जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कोविड-19 (कोरोना वायरस) संक्रमण एवं वायु प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा की। इस दौराान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी पांडेय ने कहा कि नवम्बर में कोरोना संक्रमण के प्रति ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है। इसके लिए पहले से अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के मद्देनजर सभी सरकारी विभागों में हैल्प डेस्क की स्थापना की जाएं। सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन पूर्ण रूप से सुनिश्चित कराया जाए। सभी नागरिकों को मास्क पहनने को प्रेरित किया जाए। सरकारी वाहनों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम जरिए प्रचार-प्रसार कराया जाए। डीएम पांडेय ने दुकानों को समय से खुलवाने एवं बंद कराने पर भी जोर दिया। इस बावत व्यापार मंडलों का आह्वान किया गया। यदि कोई दुकानदार सोशल डिस्टेंसिग का अनुपालन नहीं करेगा तो एक दिन के लिए तत्काल दुकान बंद करा दी जाएगी। साथ एन.डी.एम. एक्ट के तहत कार्रवाई भी होगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत अपने-अपने क्षेत्रों में सैनेटाइजेशन का कार्य प्राथमिकता पर कराएं। सभी निगरानी समितियों को सक्रिय किया जाए। इसके अलावा सभी औद्योगिक इकाइयों में सैनेटाईजेशन, कार्मिकों की थर्मल स्कैनिंग, इकाई के भीतर हाथ धोने की व्यवस्था, सार्वजनिक उपयोग में आने वाले स्थानों, दरवाजे, हैंडल आदि की प्रत्येक 2 घंटे के बाद सफाई कराई जाए। इस माह कोविड-19 संक्रमण बढऩे की संभावना को देखकर सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तमाम दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। डीएम ने मास्क न पहनने वाले नागरिकों के विरूद्ध थानावार चालान आदि की कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने सभी मजिस्ट्रेट एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत आने वाले थानों का भ्रमण करने को कहा है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित थानाध्यक्ष द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में बिना मास्क पहनने वाले नागरिकों के विरूद्ध कितने चालान काटे गए हैं। यदि भ्रमण के दौरान बिना मास्क कोई नागरिक पाया जाता है, तो संबंधित थानाध्यक्ष की कार्यपद्धति में उसका उल्लेख किया जाए। नगर निगम, नगर पंचायतों व नगर पालिकाओं में सैनिटाइजेशन व फॉगिग का काम प्राथमिकता पर कराया जाएगा। इसके साथ ही कूड़ा उठाने वाले वाहनों पर कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता का प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। नगर निगम व स्थानीय निकाय प्याऊ के स्थानों की सूची प्राप्त करके वहां हाथ धोने की साबुन व पानी उपलब्ध कराएंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिले के औद्योगिक इकाइयों में कोरोना से बचाव के लिए श्रमिकों की थर्मल स्क्र ीनिग, सैनिटाइजेशन, हाथ धोने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही सार्वजनिक उपयोग में आने वाले दरवाजे, स्थानों, हैंडिल की नियमित सफाई कराई जाएगी।
















