बसपा का मुस्लिम कार्ड, दूसरे चरण में 51 में से 23 उम्मीदवार मुस्लिम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए बसपा सुप्रीमो मायावती ने कुल 55 में से 51 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। 51 में से 23 मुस्लिम उम्मीदवार हैं। यह आंकड़ा 45 प्रतिशत से भी ज्यादा है। बसपा ने पहली लिस्ट में 53 में से 14 सीट पर मुस्लिम प्रत्याशियों को टिकट दिया था। चुनावी वैतरणी पार करने को बसपा अलग रणनीति पर काम करती नजर आ रही है। यूपी में कुल 7 चरण में विधान सभा का चुनाव होना है। इसके तहत बसपा ने अपनी दूसरी लिस्ट जारी की है। यह लिस्ट दूसरे चरण के प्रत्याशियों के लिए जारी की गई है।

दूसरे चरण में बसपा ने जिन 51 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया है, उनमें से 23 मुस्लिम हैं। बसपा ने सहारनपुर की बेहट सीट से रईस मलिक, नकुड़ से साहिल खान और गंगोह से नोमान मसूद को उम्मीदवार बनाया है। उधर, बिजनौर के नजीबाबाद से शाहनवाज आलम, बढ़ापुर से मोहम्मद गाजी, धामपुर से कमाल अहमद, चांदपुर से शकील हाशमी और नूरपुर से हाजी जियाउद्दीन अंसारी को टिकट दिया है। इसके अलावा मुरादाबाद की कांठ सीट से आफाक अली खां, ठाकुरद्वारा से मुजाहिद अली, मुरादाबाद देहात से अकील चौधरी, मुरादाबाद नगर से इरशाद हुसैन सैफी, कुंदरकी से हाजी चांद बाबू मलिक को टिकट मिला है।

वहीं, संभल की असमोली से रफत उल्ला, संभल से शकील अहमद कुरैशी और गुन्नौर से फिरोज को टिकट दिया गया है। रामपुर की चमरौव्वा सीट से अब्दुल मुस्तफा हुसैन और रामपुर से सदाकत हुसैन को टिकट मिला है। अमरोहा की नौगांव सादात सीट पर शादाब खान, अमरोहा से मोहम्मद नावेद अयाज को टिकट दिया गया है। बसपा ने बदायूं की सहसवान से हाजी बिट्टन मुसर्रत और शेखुपुर से मुस्लिम खान पर भरोसा जताया है। शाहजहांपुर की तिलहर सीट से नवाब फैजान अली खान को टिकट मिला है।