लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को कानपुर पहुंचे। इस दरम्यान पीएम मोदी ने मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के पूर्ण खंड का उद्घाटन किया। पीएम और सीएम ने मेट्रो में सवारी भी की। मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के इस पहले कॉरिडोर की लंबाई 23.8 किलोमीटर है। इस रूट पर कुल 22 स्टेशन हैं। रूट पर आईआईटी कानपुर से नौबस्ता तक मेट्रो ट्रेन का संचालन होगा। कानपुर मेट्रो प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 32 किलोमीटर है। जिस पर 11 हजार करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मेट्रो रेल प्रोजेक्ट का लोकार्पण कर इसकी खूबियां बताईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि कानपुर आईआईटी ने आपको वह ताकत दी है कि अब आपको अपने सपने पूरा करने से कोई नहीं रोक सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी पूरी तरह से प्रौद्योगिकी संचालित है। इस दशक में भी तकनीक अलग-अलग क्षेत्रों में अपना दबदबा और बढ़ाने वाली है। बिना तकनीक के अब जीवन एक प्रकार से अधूरा होगा।
आईआईटी कानपुर के 54वें दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि अगले 25 साल में भारत की विकास यात्रा की कमान आपको ही संभालनी होगी। जब आप अपने जीवन के 50 साल पूरा कर रहे होंगे, उस समय का भारत कैसा होगा, उसके लिए आपको अभी से काम करना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि कानपुर के लिए आज दोहरी खुशी का दिन है। एक तरफ कानपुर को मेट्रो जैसी सुविधा मिल रही है, वहीं दूसरी ओर टेक्नोलॉजी की दुनिया को आईआईटी कानपुर से आप जैसे अनमोल उपहार भी मिल रहे हैं।
















