ठेकों से शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा
गाजियाबाद। प्रयागराज जिले के फूलपुर के अमिलिया गांव में जहरीली शराब पीने से छह लोगों की मौत के बाद शनिवार को आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस के साथ ठेकों से शराब के सैंपल लेकर जांच को भेजे। जिले में शराब की दुकानों में शराब पिलाने और संदिग्धों पर कार्रवाई करने के लिए शनिवार को पुलिस अधिकारी और आबकारी निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने शराब की दुकानों पर ताबड़तोड चेकिंग की। एकाएक शराब की दुकान पर चेकिंग देख जहां दुकान मालिकों के होश उड गये। वहां हुई घटना के बाद अधिकारियों ने जिले में सभी देशी शराब के ठेकों पर बेची जा रही शराब का सैंपल चेक कराने के निर्देश दिए हैं। 
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि शराब के ठेकों की संयुक्त रूप से चेकिंग करने के लिए जिले में अभियान चलाया गया। संयुक्त रूप से टीमों ने चेकिंग की। साहिबाबाद क्षेत्र में सीओ एएसपी केशव कुमार एवं आबकारी निरीक्षक हेमलता रंगनानी ने संयुक्त रूप से टीम के साथ कई शराब की दुकानों की चेकिंग की गई। वहीं, शराब का स्टॉक से लेकर संदिग्धों को चेक किया गया। ऐसे ही लोनी क्षेत्र में सीओ अतुल कुमार सोनकर ने आबकारी निरीक्षक त्रिभुवन हंयाकी के साथ शराब की दुकानों को चेक किया। 
लोहियानगर क्षेत्र में सीओ सेकेंड अवनीश कुमार, सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा एवं आबकारी निर्रीक्षक अरूण कुमार ने टीम के साथ शराब की दुकानों को चेकिंग अभियान चलाया। आबकारी निरीक्षक हेमलता रंगनानी ने बताया क्षेत्र में 30 से अधिक देशी शराब की दुकानो पर चेकिंग कर देशी शराब के सैंपल एकत्र किए। एकत्र सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है। आबकारी सीओ सीलम मिश्रा सुबह अपनी टीम के साथ लोनी पहुंचीं। जहां प्रशासन और पुलिस की टीम के साथ लोनी कोतवाली, बार्डर और ट्रानिका सिटी थाने के अंतर्गत आने वाले करीब 25 देशी शराब के ठेकों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम ने देशी शराब के सैंपल एकत्र किए। उन्होंने बताया कि एकत्र सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने पर अधिकारियों के आदेशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिले में मोदीनगर, मुरादनगर, लोनी, साहिबाबाद, विजयनगर, खोड़ा, इंदिरापुरम, मसूरी, डासना आदि इलाकों में आबकारी निरीक्षक सुरेश कुमार चौधरी, आशीष कुमार पांडेय, रमाशंकर ने सीओ और थाना प्रभारियों के साथ शराब के ठेकों पर चेकिंग अभियान चलाते हुए शराब की दुकानों में शराब पिलाने और संदिग्धों को लेकर जांच की।















