बदमाशों की कमर तोडऩे के लिए एसएसपी ने फिर चलाया चाबूक

ऑपरेशन शूट आउट में चिन्हित 132 दुर्दांत अपराधी

गाजियाबाद। दुर्दांत अपराधियों की नाक में नकेल कसने और पेशेवर हत्यारों, गैंगेस्टरों व गुंडों के अलावा हिस्ट्रीशीटरों की कमर तोडऩे के लिए एसएसपी ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन शूटआउट शुरू करवाया है। 18 नवंबर से शुरू हुए इस ऑपरेशन के तहत पुलिस ने जहां कई सुपारी किलर व दुर्दांत बदमाशों को गिरफ्तार करके जेल भेजा, वहीं पूरे जनपद में 132 ऐसे शातिर बदमाशों को चिन्हित करने की कार्रवाई भी पुलिस ने की, जो हाल-फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। इस ऑपरेशन के तहत घंटाघर कोतवाली पुलिस ने 15, कविनगर थाना पुलिस ने 28, इंदिरापुरम थाना पुलिस ने 10, साहिबाबाद थाना पुलिस ने 10, खोड़ा थाना पुलिस ने 1, लोनी थाना पुलिस ने 24, लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने 1, मसूरी थाना पुलिस ने 14, मुरादनगर थाना पुलिस ने 15, मोदीनगर थाना पुलिस ने 11 और निवाड़ी थाना पुलिस ने 3 दुर्दांत बदमाशों को चिन्हित करके उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि इस ऑपरेशन के शुरूआती 4 दिनों में ही दुर्दांत बदमाश अनिल पेंदा को और सुपारी किलर मनोज शर्मा, विपिन मिश्रा और अर्पण चौधरी को सिहानी गेट थाना पुलिस ने जेल भेजा है। कप्तान ने बताया कि शूट आउट ऑपरेशन के पीछे उनका उद्देश्य यह है कि जो बदमाश हत्या, लूट और डकैती जैसी संगीन अपराधिक वारदातों को पेशे के रूप में अंजाम देते हैं, उन्हें न केवल आइडेंटीफाई किया जाए बल्कि चिन्हित बदमाशों को गिरफ्तार कर शीघ्र से शीघ्र जेल भी भेजा जाए।