गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोक दल ने 2022 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अभी से कमर कस ली है। रालोद नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह से उनके दिल्ली स्थित आवास पर जाकर मुलाकात की। इस अवसर पर गाजियाबाद से गए रालोद नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष को दीपावली की शुाकामनाएं दीं और सन् 2022 में प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव पर चर्चा भी की। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने पार्टी नेताओं से बातचीत करते हुए कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा दिन बाकी नहीं बचे हैं। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव रालोद के लिए अहम मायने रखते हैं। 
उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी। ऐसे में जरूरी है कि दिल्ली से सटे गाजियाबाद में रालोद का संगठन बेहद मजबूत हो। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जरूरी है कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जमीन से जुड़कर कार्य करें। किसानों और आम जनमानस की समस्याओं को पूरी ताकत के साथ उठाएं। ऐसा करने से ही पार्टी मजबूत होगी और जनता का सीधा जुड़ाव रालोद के साथ होगा। रालोद के राष्ट्रीय प्रवता सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू ने बताया कि पार्टी के अध्यक्ष और मार्गदर्शक चौधरी अजित सिंह के निर्देश का पालन करते हुए सभी नेता मिलकर पार्टी को मजबूत करने के काम में जुट जाएंगे और रालोद की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। इस अवसर पर रालोद के महानगर अध्यक्ष रविन्द्र चौहान, वरिष्ठ नेता ओडी त्यागी भी मौजूद रहे।
















