जनता को लूटेंगे सपा-रालोद के हेलीकॉप्टर के नेता : डॉ. संजीव बालियान

मेरठ में सपा बरसे केंद्रीय मंत्री, बताया गुंडों का गिरोह

लखनऊ। यूपी विधान सभा चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों में जुबानी जंग तेज हो गई है। आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला रूक नहीं रहा है। अब केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर जोरदार हमला बोला है। मेरठ में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में डॉ. बालियान ने सपा की तुलना गुंडों के गिरोह से की। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के राज में खूब दंगे-फसाद हुए थे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनपद में सपा के अपराधियों का गिरोह है।

सपा ऐसे व्यक्तियों को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतार रही है, जिन पर हत्या, डकैती, उगाही और छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप हैं। मेरठ में भाजपा मीडिया सेंटर में पत्रकार वार्ता में केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि 2017 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश बदमाशों का गढ़ था। मुजफ्फरनगर में ठहराने और घूमने से नागरिक कतराते थे। सपा गुंडों और बदमाशों को खुलेआम संरक्षण देती थी। उन्होंने कहा कि आजम खान पश्चिमी यूपी के सीएम थे। 2013 में 2 बच्चों की हत्या करने वालों को आजम खान ने जबरन छुड़वाया था। उनके फोन पर डीएम और एसपी का ट्रांसफर न होता तो दंगों से बचा जा सकता था।

विभिन्न स्थानों पर दंगे हुए। तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश तुष्टीकरण करते रहे। केंद्रीय मंत्री डॉ. बालियान ने कहा कि कैराना पलायन का दर्द आज भी नागरिकों की आंखों में देखा जा सकता है, मगर 2017 से यूपी में योगी सरकार आने के बाद अपराधी या तो जेल भेजे गए या ऊपर…। पउप्र में सभी वर्ग भाईचारे के साथ रहते हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. बालियान ने कहा कि अब दोनों सरकारों की तुलना कीजिए। ये सपा और रालोद के हेलीकॉप्टर वाले नेता जनता को लूटेंगे।