यूपी में विधान सभा चुनाव के चौथे चरण के लिए वोटिंग

मतदान करने में पीलीभीत के मतदाता सबसे आगे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान चल रहा है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। कुछेक स्थानों पर छिटपुट विवाद सामने आए हैं। 9 जिलों की 59 सीट के लिए वोटिंग कराई जा रही है। दोपहर एक बजे तक कुल 37.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उधर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में सपरिवार मतदान किया। उत्तर प्रदेश में 7 चरण में विधान सभा चुनाव संपन्न होना है। इसी क्रम में बुधवार को चौथे चरण के लिए मतदान कराया गया है। ऐसे में 9 जिलों में 59 सीट पर वोटिंग चल रही है। पोलिंग पार्टियों ने मतदान प्रक्रिया को आरंभ करने के लिए पहले मॉक पोलिंग की। मॉक पोलिंग के जरिए ईवीएम को जांचा-परखा गया। चौथे चरण कुल 624 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 4 मंत्री भी शामिल हैं। 2017 में इन 9 जिलों की 59 सीट में से भाजपा गठबंधन के पास 51 सीटें थीं। 4 पर सपा तथा 2-2 पर बसपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। निर्वाचन आयोग के मुताबिक दोपहर एक बजे तक 37.45 प्रतिशत मतदान हो गया था। मतदान प्रतिशत के लिहाज से पीलीभीत सबसे आगे है। दूसरे स्थान पर जनपद लखीमपुर खीरी है।

हरदोई, सीतापुर, लखनऊ तथा उन्नाव के मतदाता ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आ रहे हैं। पीलीभीत में दोपहर एक बजे तक 41.23, लखीमपुर खीरी में 40.90, सीतापुर में 36.98, हरदोई में 34.29, उन्नाव में 35.01, लखनऊ में 35.00, रायबरेली में 40.17, बांदा में 37.66 तथा फतेहपुर में 40.35 प्रतिशत मतदान हो गया था। उधर, लखनऊ से भाजपा के सांसद तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में मतदान किया। उन्होंने अपनी पत्नी, बेटे नीरज सिंह तथा पुत्रवधू के साथ गोमती नगर के विपुल खंड के मतदान केंद्र में जाकर वोट डाला। मतदान के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी में आज विधान सभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान हो रहा है।