नेपाल की संस्था के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक बनाए गए तरुण मिश्र

काठमांडू। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र एक बार फिर नेपाल की चार दिवसीय यात्रा पर पहुंचे हैं। यात्रा के पहले दिन उन्होंने दघिमथि गो सेवा नेपाल की बैठक में शिरकत की। इस दौरान उन्हें संस्था का अंतरराष्ट्रीय संरक्षक मनोनीत किया गया। बैठक में अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की होने वाली बैठक के संबंध में भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। तरुण मिश्र ने बताया कि संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आगामी 15 व 16 अगस्त को आयोजित की जाएगी।

इसके साथ भागवत कथा का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने ब्राह्मण समाज के हित में संगठन स्तर से जारी कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत के प्रत्येक राज्य में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड गठित कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। राजस्थान में इस बोर्ड का गठन हो चुका है। ब्राह्मणों को न्याय दिलाने में यह बोर्ड अहम भूमिका निभा सकेगा। दघिमथि गो सेवा नेपाल का अंतरराष्ट्रीय संरक्षक बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसका वह बखूवी निर्वहन करेंगे।

इस अवसर पर दघिमथि गो सेवा नेपाल के संस्थापक नवरतन शर्मा दधिची, अध्यक्ष पूजा अग्रवाल, राष्ट्रीय संरक्षक संग्हिता शास्त्री, अर्जुन बास्तोला, संरक्षक पं. मानवेंद्र आचार्य, संरक्षक सदस्य बजरंगलाल पारीक, अनिल शर्मा, विशाल अग्रवाल, विनोद मोर, प्रकाश सोनी, भवानी शंकर,  सदस्य उत्तम तिमिलसिना च सुदर्शन श्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।