भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की अपील
गाजियाबाद। नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों से भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अपील की है कि वह मानवीय मूल्यों के आधार पर उच्च न्यायालय के निर्देशों का अनुपालन करें। गुरूवार को नेहरूनगर भाजपा कार्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजा वर्मा ने महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, महानगर अध्यक्ष किसान मोर्चा त्रिलोक चौधरी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी सौरभ जायसवाल, महानगर मीडिया प्रभारी गौरव शर्मा, पंकज भारद्वाज, मुरादनगर प्रभारी अश्वनी शर्मा, रमिता सिंह, यशपाल पहलवान की मौजूदगी में कहा कि सरकार पहले दिन से यह कह रही थी कि इस मुद्दे का समाधान हो सकता है, सरकार चाहती थी कि किसान संगठन बिंदुवार चर्चा कर जहां भी उचित संशोधन की जरुरत हो, उसे प्रस्तावित करें और हम उस पर अमल करने को तैयार है। प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा का अध्यक्ष होने के नाते मेरा दायित्व है कि किसान भाइयों से सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का अनुपालन करने की अपील करूं। सरकार ने किसान संगठनों से अपील करते हुए कहा था कि आप हाइवे को छोड़कर अन्य वैकल्पिक जगहों पर अपना आंदोलन जारी रखे, किसान संगठनों को प्रदर्शन के लिए सरकार ने वैकल्पिक जगह भी मुहैया कराई थी। गृहमंत्री ने स्वयं किसान संगठनों से बात की थी, आज सुप्रीम कोर्ट ने भी आंदोलनरत किसान संगठनों से यही कहा है। सरकार ने किसान संगठनों से बैठक में कई बार यह आग्रह किया था कि कोविड के कारण महिलाओं और बच्चों को इस आंदोलन से घर भेज दिया जाए, सुप्रीम कोर्ट ने भी आज किसान संगठनों से ऐसी ही अपील की है। प्रदेश अध्यक्ष राजा वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में सबको धरना प्रदर्शन करने और असहमति का अधिकार हैं, लेकिन हिंसा, पथराव और अराजकता की स्थिति नहीं होनी चाहिए। सरकार ने कई बार आशंका जताई और किसान संगठनों को भी आग्रह किया इसमें असमाजिक तत्व शामिल हो गए हैं, ऐसी कई घटनाएं भी घटित हुई। कानून व्यवस्था को लेकर जो चिंता केंद्र सरकार ने जाहिर की थी, आज वहीं चिंता सुप्रीम कोर्ट ने भी जाहिर की है।
















