15 नामचीन कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ म्युनिसिपल कमिश्रर ने की बैठक
गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ बनाने में नगर निगम देश की सर्वश्रेष्ठ कंपनियों की मदद लेगा। शहर को कचरा मुक्त बनाने तथा कचरे का प्रोसेस कर सही उपयोग में लाने की योजनाएं बनाई जा रही हैं। बायो वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट तथा कूड़ा डलाव घरों को विलुप्त कर फैक्ट्री भी लगाई जा रही हैं। रविवार को म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने बिसलरी, कोका कोला, एशियन पेंट, बिंग रिस्पांसिबल, जेम इनवायरो मैनेजमेंट प्राईवेट लिमिटेड, आईसीआईसीआई बैंक, हल्दीराम, मदर डेयरी, पारले एग्रो, बिसलेरी, रेकार्ट, हिंदुस्तान युनिलीवर लिमिटेड, जीरो वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज प्राईवेट लिमिटेड, बीएमबी इंटरप्राइजेज, धर्मपाल सत्यपाल लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करते हुए कहा कि कंपनियों के सहयोग से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ प्रदूषण मुक्त बनाया जाएगा। 
निगम द्वारा शहर को कचरा मुक्त बनाने और कूड़े का बेहतर तरीके से निस्तारण करने के लिए जहां कूड़े का प्रोसेस करने के लिए मशीनें कूड़ा स्थलों पर लगाई गई है। वहीं, कई मशीनें अन्य क्षेत्रों में भी लगाई जाएंगी। ताकि कूड़े का सही उपयोग किया जा सके। इन कंपनियों को अपने कचरे को एकत्र कर नगर निगम को देने की योजना बनाई गई, जिससे कंपनियां स्वयं अपना कचरा एकत्र कर नगर निगम को देंगी तथा शहर को स्वच्छ करने में कंपनियों का निशुल्क सहयोग प्राप्त होगा।
शहर से कूड़ा-कचरा बड़ी मात्रा में कम हो जाएगा। म्युनिसिपल कमिश्रर ने बताया कि इस कार्य में मेयर और पार्षदों का भी सहयोग मिल रहा है। कंपनियों के सहयोग से शहर में कूड़े की समस्या काफी मात्रा में निस्तारित हो सकेगी। निगम द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए कई प्लानिंग की गई है। इन पर निगम की ओर से कार्य शुरू कर दिया गया है। ताकि शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में अव्वल रैंकिंग प्राप्त हो सके।
















