गाजियाबाद। एक समान मुआवजे की मांग को लेकर पिछले 8 माह से आंदोलनरत मधुबन-बापूधाम योजना से प्रभावित किसानों ने पुन: जीडीए का निर्माण कार्य रोक दिया। किसानों ने कहा कि जीडीए के अधिकारी एवं इंजीनियर आकर उन्हें धमकी देते है। किसानों ने विरोध प्रदर्शन कर एक समान मुआवजा देने की मांग की। जीडीए के ओएसडी सुशील कुमार चौबे, इंजीनियरों और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर किसानों को शांत किया। वहीं, किसानों और जीडीए कर्मचारियों के बीच हुई बहस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। किसानों ने कहा कि जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया था कि मुआवजे का जल्द निस्तारण किया जाएगा। जीडीए तब तक कोई निर्माण कार्य शुरू नहीं करेगा, मगर जीडीए ने फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया हैं। किसानों ने कहा कि 800 एकड़ जमीन पर किसान कोई निर्माण कार्य नहीं करने देंगे। किसान बीते 8 माह से एक समान मुआवजे की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मौके पर किसान सुरदीप शर्मा, संदीप चौधरी, बॉस चौधरी, महेंद्र चौधरी, जयपाल चौधरी, भूरे चौधरी, आशु चौधरी, गौरीशंकर आदि मौजूद रहे।
















