घर के बाहर बदमाशों ने ताबड़-तोड़ बरसाई गोलियां
गाजियाबाद। लोनी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को तड़के दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के रिटायर्ड कर्मचारी को घर से बाहर बुलाकर ताबड़-तोड़ गोलियां बरसा दी गईं। वारदात के बाद कार सवार 3 हमलावर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को आनन-फानन में नजदीक के निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मृतक के दामाद सहित 3 हत्यारोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर पूरे मामले की जांच चल रही है। पुलिस के मुताबिक लोनी कोतवाली अंतर्गत कोतवालपुर गांव में वृद्ध श्योराज सिंह सपरिवार रहते थे। वह दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। श्योराज के परिवार में पत्नी रामपाली, 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। करीब 9 साल पहले श्योराज ने अपनी दोनों बेटियों का विवाह किया था। 3 साल से छोटी बेटी का अपने पति से विवाद चल रहा था। इसके चलते 2 दिन पहले श्योराज बेटी को ससुराल से घर ले आए थे। पुलिस ने बताया कि शनिवार को तड़के लगभग 3 बजे श्योराज के घर के बाहर 3 व्यक्ति पहुंचे। जिन्होंने दरवाजे पर दस्तक दी। आवाज सुनकर श्योराज सिंह दरवाजा खोलकर बाहर निकल आए। आरोप है कि बाहर मौजूद 3 बदमाशों ने श्योराज सिंह पर ताबड-़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देकर तीनों हमलावर कार में सवार होकर फरार हो गए। गोलियां चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आस-पास के नागरिक वहां आ पहुंचे। गंभीर रूप से घायल श्योराज सिंह को आनन-फानन में नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक (देहात) ईरज राजा, डीएसपी अतुल कुमार सोनकर और कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार ने अपने दामाद सहित 3 आरोपियों के खिलाफ शिकायत की है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
















