गाजियाबाद। शहर में कोविड-19 (कोरोना वायरस) वैक्सीनेशन अभियान चलने के बावजूद नगर निगम के कर्मचारी कोरोना वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं। इस पर मेयर आशा शर्मा ने नाराजगी जाहिर की है। मेयर ने म्युनिसिपल कमिश्नर को पत्र लिखकर नगर निगम के सभी कर्मचारियों को वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पत्र में मेयर आशा शर्मा ने लिखा है कि उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए सभी विभागों को अनिवार्य किया है। कोरोना काल में सभी सरकारी विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। मेयर का कहना है कि उनके संज्ञान में आया है कि नगर निगम के किसी भी कर्मचारी को कोरोना वैक्सीन नहीं लगी है। जबकि कोरोना वैक्सीन लगवाना अनिवार्य है। मेयर ने म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर को निर्देशित किया है कि संबंधित विभाग से वार्ता कर नगर निगम के सभी कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन लगवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि यह कर्मचारी कोरोना के खतरे से बचे रहें। बता दें कि कोरोना काल में नगर निगम के कर्मचारियों ने भी जान जोखिम में डालकर काम किया है। प्रवासी श्रमिकों को ठहराने, उनके लिए खाने-पीने का बंदोबस्त करने, शहर की सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने जैसे कार्य नगर निगम कर्मचारी सुचारू रूप से करते आए हैं। बता दें कि जनपद के स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट भी बताती है कि कोरोना वैक्सीन लगवाने में निगम के कर्मचारी आगे नहीं आ रहे हैं।















