-मिशन इंद्रधनुष 3.0 अभियान: 45 वर्ष से 59 वर्ष एवं 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों का होगा टीकाकरण
गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में सघन मिशन इंद्रधनुष 3.0 अभियान के द्वितीय चरण 23 मार्च नियमित टीकाकरण कार्यक्रम व कोविड-19 टीकाकरण का सफल संचालन करने के संदर्भ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में कोविड वैक्सीनेशन अपेक्षाकृत कम होने के कारण चारों ब्लॉकों के एमओआईसी को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। लेखपालों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक लेखपाल अपने क्षेत्र के कोविड वैक्सीनेशन केंद्र पर 45 वर्ष से 59 वर्ष एवं 60 वर्ष से अधिक उम्र के 200 व्यक्तियों को प्रतिदिन टीकाकरण कराएंगे।
कोविड वैक्सीनेशन केंद्रों की समीक्षा के दौरान संज्ञान में आया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तोड़ी भोजपुर गाजियाबाद पर सिर्फ एक व्यक्ति को कोविड वैक्सीनेशन किया गया है। जिस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तोड़ी भोजपुर से कोविड वैक्सीनेशन अपेक्षाकृत कम होने के संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए। बैठक के दौरान संज्ञान में लाया गया कि जीडीए के अधिकारियों/कर्मचारियों का कोविड वैक्सीनेशन नहीं किया गया है। जबकि उनके द्वारा लॉकडाउन के दौरान प्रवासियों को खाना वितरित करने, ठहरने संबंधित इत्यादि कार्यों में फ्रंट लाइन वर्कर के रूप में अपना सहयोग दिया गया था। जिस पर डीएम ने निर्देशित किया कि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का कोविड वैक्सीनेशन कराने हेतु शासन को पत्र प्रेषित किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में शासन द्वारा 1700 आरटीपीसीआर टेस्ट प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष 1500 आरटीपीसीआर टेस्ट प्रतिदिन किए जा रहे हैं। डीएम ने आरटीपीसीआर से टेस्टिंग को बढ़ाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.के. गुप्ता तथा कोविड-19 से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
















