– लोगों की सुनी शिकायतें, तत्काल मौके पर शिकायतों का निस्तारण
– वसुंधरा जोन में निरीक्षण के दौरान मिली कई खामिया
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। फिल्म नायक के अनिल कपूर की स्टाइल में म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को लोगों की शिकायतें सुनी और मौके पर ही उसका निस्तारण किया। उन्होंने अधिकारियों को भी काम का स्टाइल बदल लेने की नसीहत के साथ चेतावनी भी दी। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि चलता है अब नहीं चलेगा। सभी कर्मचारी और अधिकारी अपनी आदत बदल लें।
नगर निगम के म्युनिसिपल कमिश्नर मौके पर जाकर करेंगे काम की जांच
जनशिकायतों का निस्तारण हमारा प्राथमिक दायित्व है। इसमें किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी और आगे से चेतावनी नहीं सख्त कार्रवाई होगी।
म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह ने बुधवार को वसुंधरा जोन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले वसुंधरा जोन की कॉलोनियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिली। पार्कों में साफ-सफाई नहीं होने और घास की कटाई नहीं होने की क्षेत्रवासियों ने शिकायत की। इस पर तुरंत एक्शन लेते हुए म्युनिसिपल कमिश्नर ने शिकायत दूर करने को कहा। एक व्यक्ति ने स्ट्रीट लाइट नहीं होने की शिकायत की। इस शिकायत को 24 घंटे के भीतर दूर करने की नसीहत के साथ म्युनिसिपल कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि जिस काम के लिए आपको रखा गया है उसे ईमानदारी से करें। लोगों की इस तरह की शिकायतें काम के प्रति लापरवाही को दर्शाता है। वसुंधरा जोन में निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के कामकाज का लचर रवैया देखने को मिला। अटेंडस रजिस्टर (हाजिरी पंजिका) की जांच में कई कर्मचारी बिना अनुमति अनुपस्थित मिले। जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो पता चला कि कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित होकर काम कर रहा है लेकिन उसने अटेंडेंस रजिस्टर पर साइन नहीं किया। म्युनिसिपल कमिश्नर इस पर विफर गये और चेतावनी देते हुए कहा कि यह सब अब नहीं चलेगा, चलता है कि आदत को बदल लो।
जीयो सर्वे बताएगा सरकारी जमीन का पता, म्युनिसिपल कमिश्नर चलाएंगे भू-माफियाओं पर हंटर
जोनल प्रभारी सुनील राय को भी ताकीद की गई कि वह जन समस्याओं के निस्तारण और कर्मचारियों के कामकाज के प्रति ढुलमुल रवैये पर नजर रखें। निरीक्षण के दौरान म्युनिसिपल कमिश्नर के साथ एसबीएम के नोडल आॅफिसर अरूण कुमार मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, एग्जयूकेटिव इंजीनियर देशराज सिंह, वसुंंधरा जोनल प्रभारी सुनील कुमार राय, जूनियर इंजीनियर पूजा सिंह सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।
















