कानून व्यवस्था एवं चुनावी तैयारी, डीएम ने किया निरीक्षण

पंचायत चुनाव: शांतिपूर्ण व निष्पक्ष के लिए जनपद को 21 जोन व 78 सेक्टरों में बांटा
-ब्लॉकों में जोनल मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट चुनावी प्रक्रिया पर रखेंगे नजर
-4 ब्लॉक में 958 बूथों पर 15 को होगा मतदान

गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने पंचायत चुनाव के मद्देनजर कानून व्यवस्था एवं चुनावी तैयारियों को लेकर चारों ब्लॉकों का सोमवार को दौरान किया। उन्होंने स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। राज्य निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप निर्धारित मानकों के अनुसार चुनाव संपन कराने को जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक के साथ चारों ब्लॉकों का सघन दौरा किया। डीएम द्वारा प्रतिदिन मतदान केंद्र व बूथों के निरीक्षण के साथ प्राप्त शिकायतों की पड़ताल कर उनके निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी कार्य आयोग की मंशा के अनुरूप संपन्न कराए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए मुस्तैदी से तैयार रहें। अति संवेदनशील बूथों पर कड़ी नजर रखी जाए।
पंचायत चुनाव को सुचारू, शांतिपूर्ण व निष्पक्ष कराने के लिए जनपद को 21 जोन व 78 सेक्टरों में बांटा गया है। कुल 3832 कार्मिकों की डयूटी चुनाव में लगाई गई है। 20 प्रतिशत रिजर्व कार्मिक रखे गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए 311 सेंटर बनाए गए हैं, जिसमें 57 सेंटर संवेदनशील, 114 अति संवेदनशील एवं 132 अति संवेदनशील प्लस सेंटर हैं। डीएम ने शांति व्यवस्था बनाए रखने को असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उप-जिलाधिकारी, संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी, संबंधित थानाध्यक्ष एवं तहसीलदार को अपने-अपने क्षेत्रों में नाइट पेट्रोलिंग कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी प्रकार का लोभ-लालच, डराना-धमकाना, शराब परोसना जैसी गतिविधियों पर अराजक तत्वों के खिलाफ जेल भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे। सभी ब्लॉकों में जोनल मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। यह सभी चुनावी प्रक्रिया पर पूरी नजर रखेंगे। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की पूरी सूचना जिला निर्वाचन अधिकारी को देंगे। गंभीर अनियमितता मिलने पर सीधे चुनाव आयोग को भी रिपोर्ट भेज सकेंगे। डीएम ने सभी उप-जिलाधिकारी, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर मतदान स्थलों पर भवन की स्थिति, बिजली, फर्नीचर, शौचालयों आदि की व्यवस्था सहित पहुंच मार्ग का निरीक्षण कर तमाम व्यवस्थाएं कराना सुनिश्चित कराएं। बता दें कि 15 अपै्रल को होने वाले पंचायत चुनाव के मतदान चारों ब्लॉक क्षेत्र के गांवों में होगा। इसमें जिला पंचायत के सभी 14 वार्ड के अलावा 161 ग्राम प्रधान,क्षेत्र पंचायत सदस्य के 323 पद,ग्राम पंचायत सदस्य के 2141 पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। इनमें जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनाव मैदान में 178 प्रत्याशी के अलावा ग्राम प्रधान पद के लिए 1150,क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 1474 और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 952 समेत कुल 3576 प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे हैं। एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि रजापुर ब्लॉक की मतगणना 2 मई को सिर्फ गोविंदपुरम अनाज मंडी में होगी।लोनी,भोजपुर और मुरादनगर ब्लॉक की ब्लॉक कार्यालयों में ही मतगणना होगी। रजापुर ब्लॉक के लिए अनाज मंडी गोविंदपुरम में मतगणना होने के चलते स्ट्रांग रूम बनाया गया हैं। इस दौरान अपर नगर मजिस्ट्रेट अंजुम खालिद,एसडीएम शुभांगी शुक्ला,तहसीलदार प्रकाश सिंह,सीओ अतुल सोनकर आदि अधिकारी उपस्थित रहे।