भू-माफिया पर कसा शिकंजा तो नगर पालिका के ईओ के खिलाफ रच दिया साजिशों का तानाबाना

– खोड़ा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने भू-माफियाओं के चंगुल से खाली कराई 50 करोड़ की जमीन

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। भू-माफिया के खिलाफ किये जा रहे कार्रवाई के मामले में खोड़ा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने किसी भी तरह की नरमी बरतने से इंकार कर दिया है। सरकारी जमीन खाली कराये जाने की ईओ की कार्रवाई से परेशान भू-माफिया लगातार साजिश रच रहे हैं और किसी ना किसी षड्यंत्र में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। अधिशासी अधिकारी का कहना है कि भू-माफियाओं के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। सरकारी जमीन को हर हाल में खाली कराया जाएगा।

फाइल फाटो।

खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना का कहना है कि पालिका परिषद की सरकारी जमीनों को कब्जाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। पूर्व में भी नगर पालिका द्वारा करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराई जा चुकी हैं। भू-माफिया और बिल्डरों के खिलाफ की गई इसी कार्रवाई से बौखलाकर कुछ लोग मेरी छवि खराब करने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि पालिका परिषद के वार्ड नंबर-24 और वार्ड-32 क्षेत्र मेंं अनिल विहार, वंदना एंक्लेव के पास नगर पालिका परिषद की करीब 50 करोड़ रुपए कीमत की लगभग 4 बीघा भूमि को जल्द कब्जामुक्त करवाया जाएगा। पालिका परिषद की ओर से कोर्ट में अपना पक्ष मजबूती के साथ रखा जा रहा हैं। भू-माफिया और कुछ बिल्डरों की इस जमीन पर नजर है जो जानबूझकर कर कोर्ट में केस को फंसाये रखना चाहते हैं। लेकिन अब उनकी एक नहीं चल पा रही है। अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने आरोप लगाया कि इस जमीन को कब्जामुक्त कराने को लेकर की जा रही कार्रवाई के कारण उन्हें हत्या करने तक की धमकी दी गई है। उन्होंने बताया कि खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद की खसरा नंबर-355, 363, 339, 329 और 330 (मिलजुमला) बेशकीमती जमीन हैं। इसमें स्वर्गीय भूले राम की 3 बीघा 8 बिस्वा जमीन है। जिसका खसरा नंबर-354 है। भूले राम के पुत्र बिजेंद्र राणा और सुरेंद्र राणा से साठगांठ कर बिल्डर यशवंत सिंह,सुरेंद्र यादव,अनिल ने नगर पालिका परिषद की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर वहां पर प्लॉट काट दिए। जबकि यह जमीन पालिका परिषद के खातों में दर्ज है। ज्ञात हो कि खोड़ा भू-माफियाओं का गढ़ है और वहां पर सबसे अधिक सरकारी जमीन पर कब्जे हुए हैं। तीन साल पूर्व खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद के अस्तित्व में आने के बाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने इन जमीनों की पैमाइश कराकर उसे खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। अब तक करोड़ों रुपए की जमीन अब तक कब्जा मुक्त करा चुके हैं। केके भड़ाना का कहना है कि परिषद क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्य कराए गए है। भू-माफिया की कमर तोड़ी जा रही है और सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया जा रहा है। इसी बौखलाहट से भू-माफिया और बिल्डर षड्यंत्र रच रहे हैं। भू-माफिया ने कुछ तथाकथित लोगों को भूमि और वाहन आदि देकर अपने साथ मिलाया है। ताकि वे लोग सरकारी जमीन कब्जाने और पुराना कब्जा बरकरार रखने में उनकी मदद करें।

——————-