गाजियाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की रविवार की सुबह 8 बजे से जिले में चार ब्लॉक में हुई मतगणना के दौराना कोरोना प्रोटोकॉल की खूब धज्जियां उड़ी। मुंह पर मास्क नहीं,वहीं दो गज की दूरी का पालन नहीं किया गया। दूसरी ओर मतगणना के चलते भारी संख्या में पुलिस फोर्स स्थलों के आसपास और अंदर मतगणना स्थल पर चौकन्ना रहीं। रविवार को सुबह 8 बजे से मतगणना की शुरू हुई। इससे पहले सभी मतगणना स्थलों को सैनिटाइजेशन किया गया था। रजापुर ब्लॉक की गोविंदपुरम अनाज मंडी में मतगणना शुरू होने से पहले सैकड़ों की संख्या में प्रत्याशियों के एजेंट पहुंच गए। मतगणना के जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह बार-बार माइक से एजेंटों को जाली लगाकर बैरिकेडिंग से दूर रहने और दो गज की दूरी बनाए रखने के लिए चेतावनी देते रहे। मगर एजेंटों की संख्या अधिक होने के चलते भीड़ रहीं। मंडी के आसपास सीओ कविनगर अभय कुमार मिश्र एवं कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मुस्तैद रहे। वाहनों को जहां पहले ही रोका गया। वहीं,कई सड़कों पर बैरिकेडिंग कर दूसरे मार्ग से वाहनों को निकाला गया। इसके अलावा मुरादनगर ब्लॉक की हंस इंटर कॉलेज मुरादनगर में सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई। यहां पर भी प्रत्याशियों के अलावा एजेंटों की भीड़ पंडाल में भारी संख्या में रहीं। जोनल मजिस्ट्रेट अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम की देखरेख में मतगणना जारी रही। भोजपुर ब्लॉक की मोदीनगर के महर्षि इंटर कॉलेज गोविंदपुरी में मतगणना शुरू हुई। एसडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति जोनल मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों के साथ व्यवस्था संभाली। लेकिन कॉलेज में भीड़ अधिक होने के चलते कई बार चेतावनी दी गई।लोनी ब्लॉक की केडमी ट्रांस दिल्ली सिग्नेचर सिटी स्कूल में मतगणना हुई। जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम शुभांगी शुक्ला यहां पूरी व्यवस्था संभाले रहीं। पंचायत चुनाव प्रेक्षक के रविंद्र नायक ने कार्यवाहक जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश,डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक, सीडीओ अस्मिता लाल ने सभी चारों ब्लॉक के मतगणना स्थलों पर पहुंंचकर मतगणना का जायजा लिया।मतगणना स्थलों पर भारी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान होने के बाद भी मतगणना केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया। पुलिस के कड़े पहरे में हुई मतगणना के चलते कोविड प्रोटोकॉल की खुब धज्जियां उड़ी। कोरोना महामारी के चलते लोगों का मतगणना स्थलों पर जमावड़ा रहा। मतगणना स्थल के बाहर आसपास लोगों की भीड़ रहीं। वहीं,मतगणना स्थल पर बैरिकेडिंग लगाने के बाद भी प्रत्याशियों के अलावा एजेंट एक-दूसरे से चिपक कर लाइन में खड़े रहे। अंदर जाने का इंतजार भी किया। मतगणना स्थल पर भीड़ एकत्रित न हो। इसलिए पुलिस ने उसे तितर-बितर करने के लिए लाठियां तक चलानी पड़ीं।
मतगणना स्थल के अंदर बिना मास्क के लोग देखे जा रहे थे। उनमें से कई के मास्क नाक के नीचे दिखाई दिए।
















