-कोरोनाकाल में जिला प्रशासन ने शुरू की नई पहल
गाजियाबाद। कोरोना प्रभावित परिवारों के लिए जिला प्रशासन ने एक नई पहल की है। दरअसल कोरोना काल खंड में यह दुखद अनुभव सामने आया है कि कोरोना संक्रमण के दौरान कतिपय परिवारों के मुखिया/पिता की मृत्यु हो गई है। ये ऐसे परिवार है, जिन्होंने अपने पिता/गार्जेन को खोने के बाद सदमे की स्थिति में आ गए हैं। इन परिवार में ऐसे बच्चे हंै या उनकी धर्मपत्नी है, जो अपने पिता/पति के रोजगार की गतिविधियों से, व्यवसायिक नियमों से पूरी तरह से अनभिज्ञ हैं। पिता की या पति की एकाएक मृत्यु हो जाने से उनके आश्रित पारिवारिजनों के उनके व्यवसाय से उन्हें जुडऩे या उस व्यवसाय को आगे बढ़ाने को लेकर वैक्यूम की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। मृतक पिता/पति के बैंक, एलआईसी या अन्य व्यवसायिक प्रकिया से जुडऩे के लिए उनके पास कोई सहायता करने वाला या मार्गदर्शन करने वाला नहीं मिल पा रहा है। उनके मित्र, रिश्तेदार आदि भी कोरोना संक्रमण के कारण, लॉकडाउन की वजह से चाह कर भी मदद नहीं कर पा रहे है। ऐसे लोगों की सहायता करना, उनकी समाजिक एवं आर्थिक/व्यवसायिक गतिविधियों को पटरी पर लाने के लिए जिला प्रशासन गाजियाबाद द्वारा ऑलवेज विद यू नाम से एक कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम के तहत विभिन्न कार्रवाई शुरू करने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने यह भी निर्देश दिए हंै कि जिन परिवारों के सदस्यों की मृत्युु कोरोना से हुई है, वहां स्वयं कुछ अधिकृत अधिकारी दूरभाष से जिला प्रशासन की ओर से संपर्क कर और उनकी उपरोक्त वर्णित कठिनाईयों के संबंध में जानकारी लेकर कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।
















