-नगर निगम ने अपलोड की वेबसाइट
गाजियाबाद। नगर निगम ने कोरोना काल में संपत्ति मालिकों की सुविधा का ख्याल रखकर जरूरी कदम उठाए हैं। वित्तीय वर्ष 2021-22 का संपत्ति कर अब ऑनलाइन जमा करा सकते हैं। वर्तमान में करदाताओं को 20 प्रतिशत की छूट गाजियाबाद नगर निगम द्वारा दी जाएगी। शहरवासियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर ऑनलाइन संपत्ति कर भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। जिसके क्रम में डब्ल्यूडब्ल्यूडॉटऑनलाइनजीएनएनडॉटकॉम को अपलोड कर दिया गया है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा अवगत कराया गया है कि वर्तमान में संपत्ति कर जमा करने वालों को 20 प्रतिशत की छूट प्राप्त होगी तथा संपत्ति करदाताओं की सुविधाओं के दृष्टिगत 24 घंटे बिल जमा करने की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा द्वारा मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त के निर्देश के क्रम में मंगलवार से वेबसाइट पर ऑनलाइन संपत्ति कर जमा करने की प्रक्रिया प्रारंभ करा दी गई है। सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखकर कार्य दिवस में जोनल कार्यालयों में भी संपत्ति कर जमा करने की सुविधा उपलब्ध है। कोरोना नियमों का पालन कर संबंधित जोन ऑफिस में भी संपत्ति कर जमा कर सकते हैं।
















