गाजियाबाद। अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसने के लिए जीडीए की प्रवर्तन टीमों ने कमर कस ली है। जीडीए वीसी के निर्देश पर अभियान चलाकर अवैध निर्माण सील करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। मुरादनगर क्षेत्र के असालतनगर जलालपुर रोड मौजा असालत नगर मुरादनगर में जीडीए ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस दौरान 80 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के भूतल तल पर निर्मित 5 दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।
जीडीए के प्रवर्तन दस्ते की टीम ने वहां सील लगा दी। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी ओएसडी संजय कुमार के निर्देश पर सहायक अभियंता आरके सिंह ने अवर अभियंता एवं जीडीए पुलिस की मौजूदगी में अवैध बनाई जा रही दुकानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। जीडीए ओएसडी संजय कुमार ने बताया कि मौजा असालतनगर मुरादनगर में अमित दीक्षित पुत्र स्वर्गीय वीर सिंह द्वारा 80 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में भूतल पर बगैर नक्शा स्वीकृत कराए ही अवैध रूप से 5 दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। इन्हें सील कर दिया गया।
इसके अलावा बीएसएनएल एक्सचेंज मुरादनगर जीएमएस हॉस्पिटल के सामने करीब 600 वर्गगज के भूखंड के दूसरे तल पर अवैध रूप से निर्माण किए जाने के चलते इसे सील किया गया। उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पडऩे पर आरोपियों के विरूद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। किसी भी सूरत में अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। जीडीए वीसी कृष्णा करूणेश ने संबंधित प्रवर्तन प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्यों को चिह्नित करें।
उनको तत्काल ध्वस्त कराएं। अवैध निर्माण करने वालों को नोटिस जारी किए जा रहे है। वहीं, प्रवर्तन जोन प्रभारियों द्वारा कंपाउंडिंग शुल्क निर्धारित करते हुए वसूली भी कराई जा रही हैं। जीडीए वीसी ने यह स्पष्ट किया कि जो लोग अवैध निर्माण करवाने की सोच रहे हैं वह ऐसा ना करके जीडीए से अपना नक्शा पास करवा कर वैध रूप से अपनी बिल्डिंग का निर्माण करवाएं। इससे दो कार्य होंगे एक तो उनकी बिल्डिंग को किसी भी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना नहीं पड़ेगा और दूसरा जीडीए को नक्शा पास करवाने के लिए रखी गई फीस प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह से अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।















