-भू-जलस्तर में सुधार के लिए खचं किए जाएगें 3 करोड़
गाजियाबाद। बरसात के पानी को स्टोर करने एवं भू-जल स्तर को बढ़ाने के लिए शहर के 100 पार्कों में जुलाई अंत तक नगर निगम के जलकल विभाग द्वारा रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के समक्ष पार्षदों द्वारा रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का मुद्दा उठाया गया था। नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम के जलकल विभाग ने शहर के 100 पार्कों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए जुलाई में कार्य शुरू कराने की प्लानिंग कर दी है। इन 100 रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को लगाने के लिए 3 करोड़ रुपए खर्च होंगे। प्रत्येक सिस्टम पर 3 लाख रुपए खर्च होगा।जुलाई के मध्य तक 100 पार्कों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। टेंडर प्रक्रिया अगले सफ्ताह में फाइनल कर एजेंसी का चयन होने के बाद जुलाई में इन पर कार्य शुरू हो जाएगा। जलकल महाप्रबंधक योगेश श्रीवास्तव ने बताया कि जुलाई में 100 पार्कों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। 3 करोड़ रुपए के बजट से यह सिस्टम लगाए जाएंगे। इससे पहले शहर में नगर निगम द्वारा शौचालयों परिसर के अंदर भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए गए हैं। शहर में भू-जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। नूर नगर में भू-जल स्तर सबसे कम 48 मीटर तक है। इसके अलावा विजयनगर, वैशाली, महाराजपुर और पालिटेक्निक के पास भी लगातार भू-जल स्तर गिर रहा है। इसमें सुधार के लिए शहर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की मांग की जा रही है। पूर्व में हुई बैठक में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए 15वें वित्त आयोग से धनराशि स्वीकृत की गई है। जलकल महाप्रबंधक ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर सभी 5 जोन अंतर्गत मुख्य 100 पार्कों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए टेंडर जारी किए गए हैं। टेक्निकल बिड खुलने के बाद फाइनेंशियल बिड खुलने के बाद एजेंसी का चयन किया जाएगा। उसके बाद जुलाई के पहले सफ्ताह में कार्य शुरू हो जाएगा।
















