4 नाबालिगों की हो रही थी शादी तभी वहां पहुंच गई पुलिस – Child Marriage

Child Marriage – ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क क्षेत्र में 2 नाबालिग बहनों की शादी शुक्रवार को 2 नाबालिग लड़कों के साथ कराई जानी थी। नाबालिग बहनों की शादी के लिए घर में बारात के स्वागत की तैयारी चल रही थी। इस बीच किसी ने इस की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर कर दी। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस टीम ने लड़की पक्ष के घर पहुंच कर शादी को रूकवा दिया। पुलिस के मुताबिक नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 2 नाबालिग लड़कियां 10वीं और 11वीं कक्षा की छात्रा हैं। परिवारजनों ने दोनों बहनों की शादी पड़ोसी गांव के रहने वाले 2 सगे भाइयों के साथ तय की थी। यह दोनों भाई भी 10वीं और 11वीं कक्षा में पढ़ते हैं। शुक्रवार को इनकी शादी होनी थी। इस बीच किसी ने गुरुवार को दोनों नाबालिग बहनों की शादी की शिकायत मुख्यमंत्री के आईजीआरएस पोर्टल पर कर दी। इसकी शिकायत मिलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ने चाइल्ड लाइन टीम को जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रेटर नोएडा चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सदस्य अदनान उस्मानी ने बताया कि प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर चाइल्ड हेल्पलाइन और नॉलेज पुलिस की टीम गांव में पहुंची तो लड़की पक्ष के घर पर विवाह की तैयारी चल रही थी। टीम ने परिवार के सदस्यों और चारों नाबालिग छात्र-छात्राओं से बात की। उनकी आयु संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की गई। जांच में मालूम पड़ा कि लड़कियों की उम्र 16 और 14 साल है। वहीं, दोनों लड़के भी नाबालिग हैं। इसके चलते विवाह रूकवा दिया गया और परिजनों से इस संबंध में लिखित में आश्वासन लिया गया। लड़की पक्ष को चेतावनी दी गई कि यदि नाबालिग का विवाह किया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।