प्रॉपर्टी विवाद में दिनदहाड़े युवक का मर्डर

सिर्फ 2 माह पहले हुई थी संदीप की शादी

ग्रेटर नोएडा। दनकौर रेलवे स्टेशन के पास खेरली गांव में रविवार की सुबह प्रॉपर्टी विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। कार एवं बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने पीड़ित पर अंधाधुंध गोलियां चलाई। वारदात के बाद गांव में एकाएक सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की। प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 4 व्यक्तियों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। फरार हत्यारोपियों की सरगर्मी से तलाश हो रही है। पुलिस के मुताबिक चचौरा गांव निवासी संदीप कुमार (26) का खेरली हाफीजपुर गांव में भूखंड है। भूखंड की चारदीवारी कराने के लिए संदीप वहां गया था। सुबह करीब 10 बजे वह भूखंड की चारदीवारी का काम करा रहा था। इस बीच वहां कार और बाइक पर सवार होकर 4 व्यक्ति पहुंचे। आरोप है कि कहासुनी होने के बाद आरोपियों ने संदीप पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलने पर पीड़ित परिजन आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल संदीप को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव में दिनदहाड़े वारदात होने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने छानबीन के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संदीप के पिता उदय वीर सिंह ने इस प्रकरण में 2 सगे भाई विनोद खारी और बॉबी उर्फ बबी निवासी तिलपता ग्रेटर नोएडा के अलावा बिलासपुर निवासी अमित मावी और एक अज्ञात के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। उधर, संदीप की शादी महज 2 माह पहले हुई थी। पुलिस का कहना है कि प्रॉपर्टी विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। फरार हत्यारोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।