– विरोध प्रदर्शन के बीच नगर निगम ने खाली करवाई सरकारी जमीन
– राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र की जमीन पर कब्जा करके बना दिये गये मकान
– प्रदर्शनकारी महिलाओं ने फेंके पत्थर, कार्रवाई का किया विरोध
– पुलिस, प्रशासन और निगम के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौके पर मौजूद
– बुल्डोजर ने ध्वस्त किया 15 मकान, कांग्रेसी महिला पार्षद हुई बेहोश
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। शनिवार को सरकारी जमीन खाली करवाने गए नगर निगम के प्रवर्तन दस्ते को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिस प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी है। आरोप है कि कुछ महिलाओं ने कार्रवाई के विरोध में पत्थर भी उछाले। महिलाओं के विरोध प्रदर्शन में पुरुष भी शामिल हो गए। एक व्यक्ति ने खुद के उपर मिट्टी का तेल छिड़कर आग लगाने का प्रयास किया। लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। भारी विरोध प्रदर्शन के बीच नगर निगम ने एक दर्जन से अधिक पक्के मकानों को ध्वस्त कर करोड़ों रुपये की जमीन को कब्जामुक्त कराया।
नंदग्राम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट कहे जा रहे राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण होना है। लेकिन जिस सरकारी जमीन पर प्रशिक्षण केंद्र बनना है वहां पर कुछ लोगों का अवैध कब्जा है और उन्होंने यहां पक्के मकान दिये हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त आरएन पांडे और प्रवर्तन प्रभारी कर्नल दीपक सरन के नेतृत्व में नगर निगम का प्रवर्तन दस्ता शनिवार सुबह 11 बजे नंदग्राम शांतिनगर पहुंचा। नगर निगम के बुल्डोजर को देखकर विरोध शुरू हो गया। नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान कांग्रेसी पार्षद माया देवी मौके पर पहुंची और विरोध करने लगी। विरोध प्रदर्शन के दौरान वह बेहोश हो गई। नगर निगम की कार्रवाई का महिलाओं ने उग्र विरोध शुरू कर दिया।
महिलाएं बुल्डोजर के सामने डट गई। कुछ महिलाएं बुल्डोजर पर चढ़ गई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को बुला लिया गया। भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची। महिला पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को काबू में किया और लाठी फटकार कर प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया।
नगर निगम की इस कार्रवाई में अपर नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी आरएन पांडे एवं प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल दीपक सरन के साथ मोहननगर जोन प्रभारी एसके गौतम, सिटी जोन प्रभारी सुधीर कुमार शर्मा, विजयनगर जोन प्रभारी राजवीर सिंह, एग्जयूकेटिव इंजीनियर देशराज सिंह, प्रवर्तन दल के सिपाही के अलावा सिहानी गेट थाना पुलिस, चौकी इंचार्ज शामिल हुए। नगर निगम की टीम के पहुंचते ही वहां पर महिलाओं ने जमकर हंगामा शुरू करते हुए पथराव कर दिया। अपर नगर आयुक्त आरएन पांडेय ने बताया कि नगर निगम राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र की अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर मकान बनाने वालों को नोटिस पूर्व में जारी किए गए थे। मगर जमीन को खाली नहीं किया गया। शनिवार को टीम के साथ मौके पर जमीन पर किए गए अवैध रूप से निर्माण के चलते 15 मकानों को ध्वस्त किया गया। कांगे्रस पार्षद माया देवी ने यहां रहने वाले लोगों के साथ मिलकर जमकर हंगामा किया। पार्षद माया देवी हंगामा ओर विरोध प्रदर्शन करते हुए बेहोश हो गई। उन्हें लोगों ने गाड़ी में बैठाकर अस्पताल में भर्ती कराया।
शांतिनगर में रहने वाले एक व्यक्ति ने केरोसिन का तेल छिड़कर आग लगाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। संपत्ति प्रभारी कर्नल दीपक सरन ने बताया कि राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र की जमीन पर बने अवैध रूप से 15 मकानों को हंगामे और विरोध प्रदर्शन के बीच ध्वस्त किए गए। सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने की कार्रवाई को लेकर पूर्व में अवैध कब्जाधारियों को सूचना दी गई थी।
नगर निगम की जमीन पर किसी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी लोगों को हिदायत दी जा चुकी है कि
वह सरकारी जमीन को खाली कर दें। नंदग्राम शांति नगर में जिस जमीन पर लोगों ने कब्जा कर रखा है वहां राजनैतिक प्रशिक्षण केंद्र बनेगा। हर हाल में जमीन से अवैध कब्जे हटाएं जाएंगे और जमीन कब्जाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।
: महेंद्र सिंह तंवर
म्युनिसिपल कमिश्नर
गाजियाबाद।
















