सपा नेता पर गुंडा एक्ट का विरोध, सपाईयों ने की एडीएम से मुलाकात

गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के नेता जीतू शर्मा पर पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन द्वारा गुंडा एक्ट लगाने की कार्रवाई शुरू करने से पहले ही शुक्रवार को एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह से सपा नेताओं ने गुंडा एक्ट नहीं लगाए जाने की गुहार लगाई। शुक्रवार को एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह से उनके ऑफिस में सपा के महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार मुन्नी के नेतृत्व में कार्यकर्ता मिलने पहुंचे। सपा नेताओं ने एडीएम सिटी से गुहार लगाते हुए जीतू शर्मा पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई को रोकने की मांग की गई। एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह ने एडीएम वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव से इस कार्रवाई को रोकने के लिए फोन किया। दरअसल, एडीएम वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव ने जीतू शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। जवाब न देने पर एकपक्षीय कार्रवाई होगी। बताया कि संयुक्त निदेशक अभियोजन अधिकारी ने सीओ कविनगर, एसपी सिटी प्रथम एवं एसएसपी द्वारा संस्तुति की गई रिपोर्ट उन्हें भेजी है। इसमें जीतू शर्मा के खिलाफ गुंडा एक्ट नियंत्रण अधिनियम-1970 के निहित प्राविधानों के अनुरूप वैधानिक कार्रवाई की संस्तुति की गई। नोटिस जारी कर जीतू शर्मा से पूछा गया है कि गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा-3 की उपधारा तीन के तहत क्यों न उन्हें गाजियाबाद की सीमा से निष्कासित कर दिया जाए। शुक्रवार को इन्हें अपना जवाब देने के लिए कहा गया था। मगर इनकी जगह सपा के नेता एडीएम सिटी से गुहार लगाने के लिए पहुंच गए। जीतू शर्मा पर फरवरी-2020 में धारा-307,323,504,506,34 आईपीसी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज है। पूर्व एसडीएम सदर आदित्य प्रजापति ने भी इसे गिरफ्तार कराया था। कविनगर थाने में 409,143,188,341,7 क्रिमिनल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।9 जून को बीट सूचना रिपोर्ट 47 दर्ज है। जीतू के खिलाफ राजनगर में सांसद जनरल वीके सिंह के आवास के बाहर पोस्टर चिपकानेे पर मुकदमा दर्ज हुआ था। वहीं, राज्यमंत्री अतुल गर्ग के घर के बाहर बिजली की बढ़ती दरों को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। इस दौरान मधु चौधरी, मनमोहन गामा, रमेश यादव, राहुल कुमार, एडवोकेट मनमोहन शर्मा, पार्षद कल्लन, हिमांशु आदि मौजूद रहे।