ग्रेटर नोएडा। Jewar Airport के शिलान्यास की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस भव्य कार्यक्रम के लिए इंवेंट मैनेजमेंट एजेंसी की भी तलाश चल रही थी। यह तलाश अब अंजाम तक पहुंच गई है। इसके मद्देनजर यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने वित्तीय निविदा ओपन कर दी हैं। इसमें 11 कंपनियां मानकों पर खरी उतरी हैं।
यमुना प्राधिकरण द्वारा अब रेट कार्ड बनाया जाएगा। इस रेट कार्ड के हिसाब से जो कंपनियां मुफीद होंगी, उन्हें यीडा अपने पैनल में शामिल कर लेगा। भविष्य में सभी कार्यक्रम कराने की जिम्मेदारी चयनित कंपनियों पर होगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में भविष्य में Jewar Airport, फिल्म सिटी, लॉजिस्टिक हब, हेरिटेज सिटी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास होना है। इसके चलते यमुना प्राधिकरण ने इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी की खोजबीन आरंभ कर दी। तकनीकी निविदा में 18 कंपनियां पास हो गई थीं। तदुपरांत प्राधिकरण ने वित्तीय निविदा खोलीं।
इसमें 11 कंपनियों ने निर्धारित शर्तों को पूरा किया है। इन कंपनियों में ब्रिज क्राफ्ट, पवेलियन एंड इंटीरियर, हितकारी प्रोडक्शन, जेबी डिकोट प्रा.लि., संकेत कम्युनिकेशन प्रा.लि., मेटोफार्म प्रा.लि., एक्सिस कम्युनिकेशन, क्रियांश एडवरटाइजिंग, दिपाली डिजाइन प्रा.लि., गांधी टेंट हाउस, गोबनानाज शामिल हैं। ब्रिज क्राफ्ट दिग्गज कंपनी है।
















