सरकारी योजनाओं में तकनीक का अह्म रोल : भूषण
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण ने गुरुवार को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत सूरजपुर में लाभार्थियों को राशन का वितरण किया। इस अवसर पर एलईडी के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का पात्र लाभार्थियों को सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
सीईओ नरेंद्र भूषण को प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना का जिला गौतमबुद्ध नगर का नोडल अफसर बनाया गया है। कार्यक्रम में उन्होंने ग्रेटर नोएडा के विकास का खाका भी खींचा। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा डाटा सेंटर की कंपनियों का बड़ा हब बन गया है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ गए हैं। नोडल अफसर ने कहा कि तकनीकों की वजह से केंद्र अथवा राज्य सरकार की ओर से जो भी योजनाएं गरीबों के कल्याण के लिए लाई जाती हैं, उनका पूरा लाभ पात्र लाभार्थियों को मिलता है। सीईओ भूषण ने इस योजना के तहत महिला लाभार्थियों को राशन भी बांटा। योजना के तहत पहले दिन करीब 30 हजार परिवारों को राशन का वितरण किया गया।
एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने प्रदेश में विकास कार्यों व विद्युत व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन के लिए योगी सरकार की सराहना की। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की तरफ से एलईडी के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का पात्र लाभार्थियों को सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। सरकार द्वारा तैयार किए गए वाटर प्रुफ निशुल्क बैग में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का निशुल्क राशन पात्र गृहणियों को दिया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी दिवाकर सिंह, सीओ पीपी सिंह, मूलचंद शर्मा, कर्मवीर आर्य आदि मौजूद रहे।















